भाजपाइयों ने की आतिशबाजी, बांटीं मिठाइयां
किशनगंज। सूबे की राजनीति में आए बदलाव को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं को यह विश्वास हो गया है
किशनगंज। सूबे की राजनीति में आए बदलाव को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं को यह विश्वास हो गया है कि अब बिहार में विकास की गंगा अवश्य बहेगी। 20 माह चलने वाले महागठबंधन के कार्यकाल में विकास कार्य पूर्ण रूप से अवरूद्ध हो गया था। लेकिन भाजपा और जदयू के सहयोग से बनने वाली सरकार विकास कार्य को अपनी पहली प्राथमिकता देंगे। गुरुवार को भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश्वर वैद ने गांधी चौक पर विजय दिवस मनाने के दौरान कही।
उन्होंने कहा कि भाजपा और जदयू की दोस्ती पुरानी है। दोनों ही पार्टियां विकास के कार्य में हमेशा लगी रहती है। इसका मुख्य उद्देश्य यह है कि शहरी क्षेत्र के साथ सुदूर ग्रामीण क्षेत्र में रहने वाले लोगों का विकास हो जाए। अब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी के नेतृत्व में सूबे में विकास की गति तेज हो जाएगी। इस क्रम में भाजपा के सभी प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष और कार्यकर्ताओं द्वारा विजय दिवस मनाया गया। साथ ही मिठाईयां बांटी गई और पटाखे छोड़े गए।
जिलाध्यक्ष ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ मिल कर अबीर-गुलाल उड़ाए और एक-दूसरे के चेहरे पर गुलाल लगा कर अपनी खुशी का इजहार किया। इस दौरान मुख्य रूप से सुभाष साहा, हरि राम अग्रवाल, प्राण कृष्ण चौहान, डॉ. सचिन प्रसाद, गौतम पोद्दार, राजेश गुप्ता, सुबोध माहेश्वरी सहित कई लोग मौजूद थे।