राशि के अभाव में मनरेगा कार्य बाधित
किशनगंज। महात्मागांधी रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) के कार्यान्वयन में राशि की कमी बाधा बन रही है।
किशनगंज। महात्मागांधी रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) के कार्यान्वयन में राशि की कमी बाधा बन रही है। राशि की कमी से मजदूरों का पलायन भी बदस्तूर जारी है। जबकि सरकारी घोषणाओं में मजदूरों को 100 दिन काम का गारंटी दिया गया है। मजदूर आए दिन अपने पेट की आग को बुझाने के लिए दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, मुंबई व गुजरात सहित अन्य शहर की ओर अपने परिवार को छोड़ कर जा रहे है। वहीं जानकारी देते हुए मनरेगा प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी नवीन कुमार ने बताया कि प्रखंड में कच्ची योजना तो किसी तरह चलाया जा रहा है, परंतु पक्की कार्य जैसे कल्वर्ट निर्माण, पीसीसी सड़क निर्माण, शौचालय कार्य में परेशानी आ रही है। मेटेरियल की राशि उपलब्ध नहीं होने के कारण पक्कीकरण कार्य बाधित
है। हालांकि बरसात के पूर्व कच्ची सड़कों का निर्माण जरूरी है। जिसका निर्माण कराया जा रहा है। वहीं मेटेरियल की राशि आते ही पक्कीकरण कार्य भी शुरू कर दिया जाएगा। वहीं मजदूरों का पलायन तो उनकी आवश्यकता पर निर्भर करता है। बाहर मजदूरी अधिक मिलती है। शायद इस वजह से वे बाहर पलायन कर रहे है। हालांकि मजदूरों के लिए यहां पर्याप्त कार्य है।