बाढ़ पीड़ितों की बीच किया गया राहत का वितरण
खगड़िया: गंगा के बाढ़ प्रभावित परिवारों के बीच सोमवार को युवा शक्ति व जन अधिकार पार्टी के
खगड़िया: गंगा के बाढ़ प्रभावित परिवारों के बीच सोमवार को युवा शक्ति व जन अधिकार पार्टी के द्वारा राहत सामग्री का वितरण किया गया। जिसकी शुरूआत नगर सभापति सह जन अधिकार पार्टी के जिलाध्यक्ष मनोहर कुमार यादव, युवा शक्ति के प्रदेश अध्यक्ष नागेंद्र सिंह त्यागी ने पीड़ितों को चूड़ा, चीनी, मोमबत्ती, दिया-सलाई आदि सामग्री देकर की।
मौके पर जाप जिलाध्यक्ष ने कहा कि सरकार व प्रशासन के द्वारा राहत वितरण में ढोल पीटा जा रहा है। धरातल पर राहत सामग्री 'हाथी का दात' साबित हो रहा है। कहा कि, प्रशासन रजिस्टर भरने के लिए, सड़क के किनारे राहत सामग्री देकर इति श्री कर रहे हैं। वहीं, युवा शक्ति के प्रदेश अध्यक्ष नागेंद्र सिंह त्यागी ने खगड़िया सासद चौधरी महबूब अली कैसर को बधाई दी। साथ ही कहा कि देर से ही सही, लेकिन वे बाढ़ क्षेत्र में आए तो, परंतु वे अपने आने को सार्थक करें। बाढ़ पीड़ितों के दर्द का अहसास कर उन्हें इस विपदा की घड़ी में मदद करें। कटाक्ष करते हुए श्री त्यागी ने कहा कि कहीं सांसद का आगमन नौका विहार तक ही सीमित नहीं रह जाए।
वहीं, युवा शक्ति जिलाध्यक्ष चंदन कुमार ने कहा कि जब बाढ़ का पानी अब धीरे-धीरे नीचे उतरना शुरू हुआ है तो सांसद बाढ़ पीड़ितों को दर्शन देने आए हैं। उन्होंने कहा कि दर्शन से भी अगर पीड़ितों को कुछ लाभ मिले तो भला हो, लेकिन लग तो यही रहा है कि आश्वासनों का ही राहत देकर सांसद चले जाएंगे। इस अवसर पर रणवीर कुमार, मुन्ना यादव, दीपक सिंह, रामदेव यादव, राकेश त्यागी, जय कुमार आदि मौजूद थे।