बाजार में कहीं भी नहीं है शौचालय की व्यवस्था
खगड़िया। प्रखंड के परबत्ता बाजार से अगुवानी बस स्टैंड तक इन दिनों शौचालय की समस्या बनी हुई है
खगड़िया। प्रखंड के परबत्ता बाजार से अगुवानी बस स्टैंड तक इन दिनों शौचालय की समस्या बनी हुई है। जबकि, सरकार ने महिलाओं की परेशानी, बालिकाओं के साथ छेड़खानी के मद्देनजर जगह-जगह शौचालय निर्माण की घोषणा की है। बावजूद परबत्ता बाजार में एक भी शौचालय नहीं है। प्रखंड मुख्यालय होने के कारण यहां पुरूषों के साथ-साथ महिलाओं का भी आना-जाना लगा रहता है। यह घनी आबादी का बाजार है किन्तु सरकारी घोषणा यहा फाइलों में ही सिमट कर रह जाती है।
चर्चित अगुवानी बस स्टैंड में वर्षो पहले लाखों रुपये की लागत से शौचालय बनाया गया था, वह आज जंगल में तब्दील है जबकि यहा भी खास कर सावन के महीने में महिला बम का अधिक आना जाना लगा रहता है, किन्तु इतने के बाद भी यहा बनाए गए दस सीटेड शौचालय आज जंगल में तब्दील हो चुका है, इसकी सुधि लेने वाला कोई नहीं हैं।
इधर, परबत्ता बाजार 22 पंचायतों के लोगों का प्रखंड मुख्यालय है। यहां प्रखंड सह अंचल कार्यालय, पीएचसी के अतिरिक्त अन्य सरकारी कार्यालय के साथ-साथ विभिन्न बैकों की शाखा भी है, लोगों का आना-जाना लगा रहता है। परंतु इसे विडंबना ही कही जाएगी कि प्रखंड में एक भी शौचालय की व्यवस्था नहीं है। इस बावत पूछे जाने पर बीडीओ साहब कहते हैं 'शौचालय के विषय में सोचेंगे।' सवाल है कि अधिकारी क्या सिर्फ सोचते ही रह जाएंगे? वर्षो से अगुवानी बस स्टैंड में शौचालय बेकार है, परबत्ता बाजार में शौच जाने की जरूरत पर लोग बिलबिलाने को मजबूर हो जाते हैं परंतु अधिकारियों को जन सुविधाओं से कोई लेना-देना ही नहीं है। वे तो सोचेंगे।