अब रात में भी दियारा के लोग आएंगे मानसी बाजार
मानसी(खगड़िया)संवाद सूत्र: मुंगेर व खगड़िया जिला को बांटने वाली बूढ़ी गंडक नदी पर चचरी पुल बन जाने से
मानसी(खगड़िया)संवाद सूत्र: मुंगेर व खगड़िया जिला को बांटने वाली बूढ़ी गंडक नदी पर चचरी पुल बन जाने से टीकारामपुर पंचायत के लोगों का रास्ता सुगम हो गया है। मंगलवार को मटिहानी घाट पर चचरी पुल का उदघाटन पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष मदन प्रसाद यादव द्वारा फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर आसपास गांव के सैकड़ों लोगों की भीड़ देखी गई। उदघाटन उपरांत उन्होंने संबोधित कर कहा कि दियारा के लोग आजादी के बाद भी विकास से कोसों दूर है। आजादी के 67 साल बाद यहां बिजली आई। सड़क मार्ग नहीं होने से दियारा वासी को काफी कठिनाईयों का सामना करना पड़ता है। सबसे ज्यादा तब परेशानी होती थी, जब रात में कोई बीमार पड़ जाते थे। सरकार आती है रोज नये नित्य वादे कर दियारावासी को ठगने का काम करती है। स्थानीय जनसहयोग से चचरी पुल का निर्माण होने से दियारा वासियों को कुछ हद तक परेशानी दूर हुई है। उन्होंने कहा कि टीकारामपुर पंचायत वासियों का मुख्य बाजार मानसी है। चचरी पुल बन जाने से अब दियारावासी रात में भी आवाजाही कर सकते हैं। पुल नहीं होने से वर्षो से लोग नाव से एक छोड़ से दूसरे छोड़ जाने का काम करते थे। अगर गांव में सड़क बन जाती है तो यहां के किसान को भी फायदा होगा। यहां का मुख्य पेशा खेती ही है। चचरी पुल बन जाने से किसानों को खेती के दौरान होने वाली परेशानी से भी छुटकारा मिलेगी। मौके पर अजय राम, योगेन्द्र यादव भीम, रविश यादव, विजय यादव, नवोद राय, संतलाल राय, केदार राय, बहादुर राय सहित दर्जनों ग्रामीण उपस्थित थे।