उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देते ही संपन्न हुआ छठ
मानसी(खगड़िया)संवाद सूत्र: लोक आस्था का महापर्व छठ गुरुवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के बाद सं
मानसी(खगड़िया)संवाद सूत्र: लोक आस्था का महापर्व छठ गुरुवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के बाद संपन्न हो गया। चार दिवसीय महापर्व को लेकर श्रद्धालुओं में अपार श्रद्धा देखी गयी। इस महापर्व को लेकर तीसरे दिन बुधवार को सैकड़ों छठव्रतियों ने अस्ताचलगामी भगवान भाष्कर को अर्घ्य समर्पित करने के बाद गुरुवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर छठ संपन्न हो गया। प्रखंड के खुटिया, चकहुसैनी, बलहा, सैदपुर, पश्चिमी ठाठा, पूर्वी ठाठा तथा अमनी पंचायतों में शांतिपूर्ण माहौल में छठ पूजा हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। मटिहानी गंगा घाट पर लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। सदर विधायक पूनम देवी यादव ने अपने समर्थकों के साथ छठ व्रती के रूप में मटिहानी घाट पर इस पर्व को मनाया। साथ ही अपने परिवार व जिले की सलामती एवं सुख समृद्धि की कामना की। वहीं, जिप अध्यक्ष कृष्णा कुमारी यादव भी चुकती घाट पर इस पर्व को परिवार वालों के साथ मनाया। पूर्व जिप अध्यक्ष सुशीला देवी, जदयू प्रदेश महासचिव अरूण कुमार यादव, सांसद विचार मंच अध्यक्ष पांडव यादव, अजय यादव, सामाजिक कार्यकर्ता बलवीर चांद ने भी हर्षोल्लास के साथ इस पर्व को मनाया। मटहानी घाट पर छठ की प्रतिमाएं भी स्थापित की गई।
सुरक्षा का रहा व्यापक इंतजाम
छठ पूजा को लेकर विभिन्न घाटों पर सुरक्षा का व्यापक इंतजाम था। किसी प्रकार की श्रद्धालुओं को परेशानी ना हो जगह-जगह सुरक्षा बल लगाये गये थे। बीडीओ सुनील कुमार, सीओ शशिभूषण झा तथा थानाध्यक्ष रामउदय तिवारी के नेतृत्व में पल-पल की जानकारी ली जा रही थी।
एसडीआरएफ टीम रही मुस्तैद
श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं जानमाल की दुर्घटना को देखते हुए एसडीआरएफ की टीम भी मुस्तैदी से मोटरवोट के माध्यम से विभिन्न घाटों का जायजा लेते रहे। साथ ही श्रद्धालुओं बैरेकेटिंग के अंदर ही नहाने की बात कही जा रही थी।
सामाजिक कार्यकर्ताओं में भी दिखा उत्साह
इस महापर्व छठ पूजा को लेकर सामाजिक कार्यकर्ताओं में भी काफी उत्साह देखा गया। मटिहानी घाट पर भव्य रूप से बनाये गये पंडाल में छठव्रतियों के लिए निश्शुल्क दूध, शर्बत, दातुन, चिकित्सा की व्यवस्था की गयी थी। साथ ही समिति द्वारा स्वच्छता के प्रति जागरूकता भी फैलाई जा रही थी। किसी प्रकार की अप्रिय घटना ना हो घाट पर जगह-जगह सीसीटीवी कैमरा भी लगाया गया था।