खगड़िया में छठ के दौरान डूबने से चार की मौत
जेएनएन, चौथम/महेशखूंट(खगड़िया): छठ के दौरान चौथम व महेशखूंट थाना क्षेत्र में अलग-अलग छठ घाटों पर डूबन
जेएनएन, चौथम/महेशखूंट(खगड़िया): छठ के दौरान चौथम व महेशखूंट थाना क्षेत्र में अलग-अलग छठ घाटों पर डूबने से चार लोगों की मौत हो गई। चौथम थाना क्षेत्र के अंतर्गत पश्चिमी बौरने पंचायत के नौरंगा गांव निवासी बुच्ची यादव का पुत्र सिंटू(16) संध्या अर्घ्य के दौरान बुधवार को भतरींधा धार के बगल में नौरंगा के समीप नहाने के दौरान डूब गया जिससे उसकी मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नौरंगा निवासी सिंटू की छठ घाट पर गहरे पानी में चले जाने से डूबकर मौत हो गयी। लगभग 20 मिनट बाद उसे पानी से निकाला गया। ग्रामीणों ने उसे महेशखूंट के एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया। मगर, डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। कुछ देर बाद परिजनों द्वारा कहा गया कि उसकी सांसे चल रही है। पुन: उसे पीएचसी लाया गया। ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर मधुकर द्वारा युवक का उपचार आरंभ किया गया। लेकिन अथक प्रयास के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका। सूचना मिलते ही सीओ रमण प्रसाद वर्मा, बीडीओ मुकेश कुमार रजक व थानाध्यक्ष शशि कुमार स्वास्थ्य केंद्र पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया। थानाध्यक्ष ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल खगड़िया भेज दिया। वहीं, बुधवार को देवका घाट पर घाट बनाने के क्रम में देवका निवासी लालो सिंह के पुत्र संतोष सिंह(25) की डूबने से मौत हो गई। दूसरे दिन गुरूवार को सुबह के अर्घ्य के दौरान लोगों को नहाने के दौरान उसकी लाश मिली। इसे ग्रामीणों की मदद से पुलिस को पोस्टमार्टम हेतु सौंप दिया। मौके पर मुखिया कृष्णानंद कुमार, सीआई भरतभूषण, सरपंच रंजन कुमार, विनोद कुमार समेत दर्जनों लोग मौजूद थे।
दूसरी तरफ महेशखूंट थाना क्षेत्र अंतर्गत छठ पूजा के दौरान बुधवार को समसपुर पंचायत अंतर्गत छोटी धार बल्लभजान में स्नान के दौरान प्रिंस (12) डूब गया जिससे उसकी मौत हो गई। परिजनों ने शव को नदी से बाहर निकाला। दूसरी घटना बलतारा गांव में टावर घाट, कोसी नदी में घटी। जहां पूजा के दौरान मध्य विद्यालय पीपरपांति के प्रधानाध्यापक संतोष कुमार सिंह के पुत्र शुभम प्रियम(15) डूब गया। गुरुवार को दोपहर बाद ग्रामीणों व प्रशासन के सहयोग से शव को बाहर निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया।
मृतक प्रिंस कुमार उदय महतो है। वह बेगूसराय जिला अंतर्गत साहेबपुर कमाल थाना के सनहा नया टोल के उदय महतो का पुत्र था। वह अपनी मां व पिता के साथ नाना राजेन्द्र सिंह के पास बल्लभजान आया था। मृतक के घर कोहराम मची है। महिलाओं का रो-धोकर बुरा हाल है। दूसरा मृतक शुभम प्रियम कोटा में पढ़ाई करता था।