नरेश हत्याकांड के दो नामजद गिरफ्तार
= रात भर चली फरकिया क्षेत्र में छापामारी
= कलवारा घाट के समीप युवक को गोलियों से किया गया था छलनी
संवाद सूत्र, खगड़िया : फरकिया के कलवारा घाट पर नरेश साह की हत्या मामले में फरार दो नामजदों को पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया। एसपी किम ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि कलवारा घाट के जगदीश सदा व लखमिनियां टोला के गोगू सदा को गिरफ्तार किया गया है। दोनों की तलाश हत्या के एक मामले में थी। गिरफ्तारी को लेकर मोरकाही थानाध्यक्ष ललन कुमार को टास्क दिया गया था। गिरफ्तार जगदीश की तलाश अलौली थाने के एक संगीन मामले में भी थी।
मालूम हो कि एक पखवाड़ा पहले दुश्मन गिरोह से मिले रहने के संदेह में फरकिया में सक्रिय कथित नक्सली गिरोह ने नरेश साव को गोलियों से छलनी कर दिया था। इस मामले में मृतक के परिजन के बयान पर 23 लोगों को नामजद किया गया था। इस निर्मम हत्या के बाद नामजदों की गिरफ्तारी पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई थी। सूत्रों की माने तो पुलिस को सूचना मिली कि कुछ नामजद फरकिया के श्रवजीता क्षेत्र में शरण लिए हुए है। पुलिस ने कार्रवाई की, रातभर छापामारी चली और यह सफलता हाथ लगी।