1.51 लाख रूपये बरामद, जांच बाद मुक्त
खगड़िया,संवाद सूत्र: लोकसभा चुनाव को लेकर सख्त हुई पुलिस को उस समय एक बड़ी सफलता हाथ लगती नजर आई, जब डीएम संजय कुमार सिंह व एसपी दीपक बरनवाल के संयुक्त निर्देश पर सोमवार की देर शाम एनएच 31 पर वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही थी। जांच के दौरान गोपनीय शाखा प्रभारी कुमार विजयेंद्र व थानाध्यक्ष रामउदय तिवारी कर रहे थे। इस दौरान महेशखूंट से मोटर साइकिल से आ रहे राजेश कुमार को ब्रेक किया गया। जांच-पड़ताल के दौरान उनके पास से 88780 रूपये बरामद किये गये। खगडिया की ओर से मारूति से जा रहे मो. मंजर आलम के पास से भी 63 हजार रूपये बरामद किये गये। यह राशि चुनाव कार्य को लेकर ले जाया जा रहा था अथवा किसी अन्य कारण से, इसकी गहन पड़ताल की गई। इधर, कुमार विजयेंद्र के अनुसार चुनाव आयोग का आदेश है कि 50 हजार से अधिक रूपये लेकर चलने वालों पर निगाह रखें। इसी आलोक में दोनों को रोका गया। जांच में सामने आया कि राजेश कुमार एक लाइसेंसी शराब दुकान का कर्मी है और डेली कलेक्शन कर रूपया खगड़िया लेकर आ रहे थे। उसने पुख्ता प्रमाण भी दिया। इसी तरह मो. मंजर आलम के संदर्भ में पड़ताल में सामने आया कि वह मालदा के एक कंपनी का ट्रांसपोर्टर है। उसके मालिक से बातचीत भी की गई। उसने भी पुख्ता प्रमाण प्रस्तुत किया कि वह व्यवसाय कार्य से जा रहा है। इसकी वीडियो ग्राफी भी कराई गई। संतुष्ट होने पर दोनों को मुक्त कर दिया गया। इस दौरान 50 से अधिक वाहनों की चेकिंग की गई। इधर, गंगौर ओपी पुलिस द्वारा 5 वाहन जब्त किये गये। मुफस्सिल थाना पुलिस द्वारा भी 3 वाहन जब्त किये गये। एसपी के अनुसार करीब एक दर्जन से अधिक वाहनों को जब्त किया गया।