पंसस की बैठक में छाया रहा बाढ़ का मुद्दा
कटिहार। बुधवार को प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित सभा भवन में आयोजित पंसस की पहली बैठक में बा
कटिहार। बुधवार को प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित सभा भवन में आयोजित पंसस की पहली बैठक में बाढ़ का मुद्दा छाया रहा। प्रखंड क्षेत्र के पांच पंचायत पूरी तरह से जलमग्न है। इतना ही नहीं सुधानी कंडेला पटोल एवं कदमगाछी आंशिक पंचायत का प्रखंड मुख्यालय से संपर्क भंग हो गया है। कदम गाछी के निकट मुख्य सड़क के ऊपर चार फीट से ज्यादा पानी का बहाव है। वहीं पिछले चार दिनों से बाढ़ के कारण विस्थापित हुए बाढ़ पीड़ितों को किसी भी तरह की प्रशासनिक सुविधा प्राप्त नहीं हुई है। न ही बाढ़ पीड़ितों के लिए भोजन प्लास्टिक वगैरह की व्यवस्था हुई है और ना ही अब तक नाव की व्यवस्था प्रशासन द्वारा की गई है। इसके चलते सदस्यों ने प्रशासन के प्रति काफी रोष व्यक्त किया। इससे बैठक में काफी देर तक हंगामा मचा।
अंचल पदाधिकारी विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि बुधवार दोपहर को जिला से स्थानीय स्तर पर राहत सामग्री का क्रय कर पीड़ितों के बीच बंटवाने की व्यवस्था करने का निर्देश मिला है। इसकी तैयारी की जा रही है। जमीरा पंचायत के पंसस मसूद इकबाल ने कहा कि इसी जुलाई महीने की 15 तारीख को बाढ़ अनुश्रवण समिति की बैठक में सदस्यों को जानकारी दी गई थी कि प्रशासन ने मुकम्मल तैयारी कर ली है। प्रशासन किसी भी तरह की स्थिति से निपटने को तैयार हैं, परंतु जब स्थिति प्रतिकूल हुई तो सब शून्य है। सदस्यों ने अधिकारियों को काफी खरी खोटी सुनाई। वहीं मुख्य अतिथि विधायक कॉमरेड महबूब आलम की उपस्थिति में आपूर्ति बाल विकास परियोजना, स्वास्थ्य, शिक्षा, विद्युत इत्यादि विभागों से संबंधित भी प्रश्न उठाए गए, परंतु बाढ़ की विभीषिका को देखते हुए अन्य विषयों को कम से कम समय दिया गया। ताकि बाढ़ पर विशेष चर्चा हो सके एवं पीड़ितों को राहत पहुंचाने के लिए पूरी तैयारी हो और समय पर उन्हें लाभ प्राप्त हो।
इस अवसर पर प्रखंड प्रमुख तमन्ना बेगम, बीडीओ राजा राम पंडित, आपूर्ति पदाधिकारी हारुन रशीद, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी संजय कुमार ¨सह, सहायक अभियंता हिमांशु शेखर, प्रखंड स्वास्थ पदाधिकारी सहित प्रखंड स्तरीय सभी पदाधिकारी व 26 पंचायत के मुखिया, मुखिया प्रतिनिधि, पंचायत समिति सदस्य एवं पंसस प्रतिनिधि उपस्थित थे। साथ ही प्रमुख प्रतिनिधि मोहम्मद जिन्ना एवं प्रखंड उप प्रमुख समा मूल अंसारी भी बैठक में मुख्य रुप से उपस्थित थे।