13 साल की नाबालिग दुल्हन को मिला 37 साल का दूल्हा...जानिए फिर
गरीब मां-बाप ने अपनी 13 साल की मासूम बेटी की शादी हरियाणा के 36 वर्षीय लड़के के साथ तय कर दी कि गांव वालों को इसका पता चल गया। दूल्हे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पटना [जेएनएन]। पूर्णिया जिले के बरारी थाना क्षेत्र के सूजापुर गांव की रानी देवी और उसके पति संजय मंडल ने गरीबी से तंग आकर अपनी 13 वर्षीय नाबालिग लड़की की शादी हरियाणा के कुरुक्षेत्र के 36 वर्षीय लड़के से कर दी। इसके एवज में नाबालिग की मां को लड़के वालों ने सात हजार रुपए दिए।
सोमवार की रात 13 वर्षीय आशा की शादी की रस्म हरियाणा के 36 वर्षीय बलविंदर से पूरी होने जा रही थी कि किसी तरह ग्रामीणों को इसकी भनक लग गई और उनेहोंने मौके पर पहुंचकर शादी का जमकर विरोध किया अौर पुलिस को भी इसकी सूचना दे दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने दूल्हे को हिरासत में ले लिया। वहीं शादी कराने वाला गांव का बिचौलिया फरार हो गया। नाबालिग लड़की की मां रानी देवी अपनी बेटी की शादी को सही ठहरा रही है। उसका कहना है कि आज नहीं तो कल बेटी की शादी करनी ही है। लड़का उम्र में बड़ा है तो क्या हुआ पैसे तो दे रहा है।
जानकारी के अनुसार, इसी गांव के रहने वाले सुबोध मंडल ने छह महीने पहले अपनी बेटी की शादी हरियाणा के साजन कुमार से की थी। सुबोध मंडल ही रानी देवी की बेटी की शादी का भी बिचौलिया बना। उसने साजन के दूसरे भाई बलविंदर की शादी आशा से कराने की बात कही।
इसके एवज में उसने उसे सात हजार रुपए देने का लालच दिया। संजय मंडल और रानी देवी के चार पुत्रियां और दो पुत्र हैं। जब सुबोध मंडल ने उसे बेटी की शादी बलविंदर से कराने के लिए सात हजार रुपए देने का लालच दिया तो रानी देवी तुरंत तैयार हो गई। इसके बाद शादी का दिन तय कर दिया गया। लोगों को इसकी भनक भी नहीं लगने दी गई। सोमवार की रात मंडप लगा दिया गया।
आशा के हाथों में मेहंदी भी लग चुकी थी। हरियाणा कुरुक्षेत्र के कुमार शेख से आए 36 वर्षीय बलविंदर के साथ अभी वह फेरे लेने वाली ही थी कि गांव के लोगाें को भनक लग गई। गांववालों ने विरोध करते हुए सूचना गांव के मुखिया मुकेश मंडल और सरपंच सत्येंद्र पंडित को दी। दोनों के नेतृत्व में ग्रामीणों ने शादी रुकवा दी और पुलिस को सूचना दी। बरारी पुलिस दूल्हे को हिरासत में ले मामले की छानबीन में जुट गई है।
शादी कराने वाला बिचौलिया पुलिस के पहुंचने से पहले ही फरार हो गया। ग्रामीणों ने दबी जुबान से बचाया कि सुबोध मंडल इलाके के गरीब लोगों की बेटियों की शादी कराने का जिम्मा लेता है। उन्हें पैसे का प्रलोभनइ देकर हरियाणा और दूसरे प्रदेश के अधेड़ लोगों से शादी कराने के लिए राजी कर लेता है।
बाद में उनमें से कई लड़कियों काे गलत काम में लगा दिया जाता है। फिलहाल सुबोध मंडल पुलिस के पहुंचने से पहले ही फरार हो गया है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।