मास्टर 'की' के सामने बाइक कंपनियों के लॉक फेल
कटिहार, [नंदन कुमार झा]। शहर में बाइक चोरी की घटना थमने का नाम नहीं ले रही है। पुलिस के लाख कोशिशों
कटिहार, [नंदन कुमार झा]। शहर में बाइक चोरी की घटना थमने का नाम नहीं ले रही है। पुलिस के लाख कोशिशों के बाद भी बाइक लूट व चोरी की घटनाओं पर अंकुश नहीं लग पा रह है। मास्टर चाबी के जरिये किसी भी कंपनी की बाइक का लॉक आसानी से खुल रहा है। बाइक चोर इसका भरपूर फायदा उठा रहे हैं। यह मास्टर की पुलिस के लिए भी बड़ा सिरदर्द साबित हो रहा है।
हाल के दिनों में शहर सहित कस्बाई क्षेत्रों से भी एक दर्जन से अधिक बाइक गायब हुई है। चोर इतनी आसानी से अपने काम को अंजाम देते हैं कि आसपास खड़े लोगों को भी कोई शक नहीं होता। मास्टर चाबी की बनावट ऐसी होती है कि बस चाभी लगाया और गाड़ी स्टार्ट। बाइक कंपनियों के लॉक सिस्टम इस की सामने बेकार साबित होता है।
बाइक चोरों का सेफ जोन बना कटिहार
बाइक चोरों के लिए कटिहार सेफ जोन बनता जा रहा है। शहर के दुर्गास्थान, न्यू मार्केट, विनोदपुर, एमजी रोड चोरों का मुख्य अड्डा बन चुका है। भीड़ भाड़ वाले इन जगहों पर ही बाइक चोरी की अधिकांश घटनाएं होती है। साथ ही कटिहार से चोरी गयी बाइक को आसानी से ठिकाना लगाया जा रहा है। जानकारी के अनुसार चोरी गयी बाइकों को कटिहार के बारसोई, मनिहारी, अमदाबाद के रास्ते बंगाल भेजा जाता है।
हर माह होती है आधा दर्जन घटनाएं
बाइक चोरों की सक्रियता इतनी बढ़ गयी है कि हर माह लगभग आधा दर्जन बाइक चोरी के मामले विभिन्न थानों में दर्ज किए जाते हैं। इतनी घटना के बावजूद पुलिस इन मामलों में अंकुश लगाने में नाकाम साबित हो रही है। यद्यपि पुलिस लगातार चोरों को दबोचने में सफल भी हो रही है, लेकिन घटनाएं भी बदस्तूर जारी है।