प्राकृतिक आपदाओं ने बढ़ायी किसानों की विपदा
जागरण संवाददाता, कटिहार : खराब मौसम और बारिश के कारण फसलों की बर्बादी ने किसानों को बेहाल कर दिया है
जागरण संवाददाता, कटिहार : खराब मौसम और बारिश के कारण फसलों की बर्बादी ने किसानों को बेहाल कर दिया है। गेहूं की बाली में दाना नहीं आने से कई स्थानों पर किसानों ने अपनी फसल में आग लगा दी। रही सही कसर बारिश एवं आंधी ने पूरी कर दी। बारिश के कारण खेतों में खड़ी फसल को भारी नुकसान हुआ है। गेहूं की बर्बादी के बाद नकदी फसल मक्का की व्यापक पैमाने पर हुई क्षति से किसानों को कर्ज चुकाने की चिंता सताने लगी है। हाल के दिनों में गंगा नदी के जलस्तर में वृद्धि के कारण दियारा में लगी फसल की बर्बादी के कारण सैकड़ों किसान प्रभावित हुए हैं। कृषि विभाग ने फसल क्षति का आकलन कराने के बाद मुख्यालय को तीन हजार किसानों के लिए मुआवजा की राशि आवंटित करने संबंधी प्रस्ताव भेजा है। गेहूं की बाली में दाना नहीं आने का कारण विभागीय पदाधिकारी समय पर उर्वरक नहीं देने एवं फसल की बुआई सही तरीके से नहीं करना बता रहे हैं। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि मौसम की मार के कारण जिले में गेंहुं एवं मक्का की बर्बादी हुयी है। शेष बचे प्रखंडों में भी फसल क्षति का आकलन किया जा रहा है।