यूरिया की किल्लत के विरोध में किसानों ने लगाया जाम
संवाद सूत्र, सेमापुर (कटिहार) : यूरिया की किल्लत के विरोध में शुक्रवार को सेमापुर क्षेत्र के किसान
संवाद सूत्र, सेमापुर (कटिहार) : यूरिया की किल्लत के विरोध में शुक्रवार को सेमापुर क्षेत्र के किसान सड़क पर उतर आए। किसानों ने सड़क जाम कर अपना विरोध जताया। सैकड़ों की संख्या में किसानों ने टायर जलाकर प्रशासन विरोधी नारे लगाए। इस मौके पर मौजूद किसानों ने कहा कि पैक्स के माध्यम से यूरिया नहीं मिल रहा है। खाद दुकान पहुंचने पर भी उन्हें बैरंग वापस लौटना पड़ता है। मौके पर पहुचे प्रखंड कृषि पदाधिकारी के आश्वासन व तत्काल यूरिया उपलब्ध कराने की बात कहने पर किसानों ने जाम हटाया। मिली जानकारी के मुताबिक आस पास के इलाकों से शुक्रवार को बड़ी संख्या में किसान यूरिया खरीदने सेमापुर पहुंचे थे। खाद नहीं मिलने पर किसान आक्रोशित हो उठे। जाम के कारण सेमापुर बरारी सड़क मार्ग पर आवागमन प्रभावित हुआ। इस दौरान प्रखंड कृषि पदाधिकारी को भी आक्रोश का सामना करना पड़ा। अखिलेश सिंह, बालकृष्ण पटेल, स्थानीय सामाज सेवी संजय सिंह, रवि आजाद, मो. आलमगीर आदि लोगों ने कहा कि यूरिया नहीं मिलने से खेती प्रभावित हो रही है। किसान मो. अनवर हुसैन, मो. जुबैर, सैयदुर रहमान, सागीर आलम, अब्दुल सदीक, विनोद कुमार यादव, विजय कुमार यादव आदि किसान ने बताया कि सुखासन मोहना चादपुर गुंजरा बलुआ कालिकापुर सिसिया मरधिया आदि जगह अवस्थित दुकान में यूरिया ऊंची कीमत लेकर बेचा जा रहा है।