सीएम के सभा स्थल का एसपी ने लिया जायजा
संवाद सूत्र, बारसोई (कटिहार) : सद्भावना मैदान में मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी की होने वाली सभा स्थल क
संवाद सूत्र, बारसोई (कटिहार) : सद्भावना मैदान में मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी की होने वाली सभा स्थल का पुलिस कप्तान क्षत्रनील सिंह ने रविवार को दलबल के साथ पहुंचकर निरीक्षण किया। उनके साथ बारसोई एसडीओ डॉ. महेंद्र पाल, डीसीएलआर भागवत प्रसाद व एसडीपीओ चंद्रिका प्रसाद भी थे। ज्ञात हो कि 30 जनवरी को श्री मांझी बारसोई में अस्थायी आईटीआई भवन का उद्घाटन व आईटीआई कॉलेज के नये भवन की आधारशिला रखेंगे। भवन से सटे सद्भावना मैदान में जनता को भी संबोधित करेंगे। सद्भावना मैदान में ही हैलीपेड भी बनाया जाएगा। उक्त स्थल का भी निरीक्षण पदाधिकारियों द्वारा किया गया। वहीं स्थानीय विधायक सह मंत्री दुलाल चंद्र गोस्वामी के आवास के निकट के मैदान करीमगंज में भी हैलीपेड का निरीक्षण पदाधिकारियों द्वारा किया गया। इस अवसर पर बीडीओ सह सीओ राजा राम पंडित, इंस्पेक्टर विवेकानंद सिंह आदि भी मौजूद थे।