वृद्ध की हत्या कर शव बांसबाड़ी में फेंका
संवाद सूत्र, गेड़ाबाड़ी (कटिहार) : बुधवार को कोढ़ा प्रखंड क्षेत्र के कोलासी स्थित पुरानी आदिवासी टोला
संवाद सूत्र, गेड़ाबाड़ी (कटिहार) : बुधवार को कोढ़ा प्रखंड क्षेत्र के कोलासी स्थित पुरानी आदिवासी टोला के समीप एक बांसबाड़ी से अज्ञात वृद्ध का शव पुलिस ने बरामद किया है। शव की स्थिति से यह स्पष्ट है कि उसकी हत्या कर लाश वहां फेंका गया है।
जानकारी के अनुसार कुछ बच्चे कोलाशी स्थित पुरानी आदिवासी टोला के बांसबाड़ी की ओर गये थे। बच्चों ने वहां 60 वर्षीय अज्ञात वृद्ध का शव पड़ा देखा। बच्चों द्वारा इसकी जानकारी परिजनों व गांव वालों को दी गई। ग्रामीणों द्वारा इसकी सूचना पुलिस को दी गयी। सूचना मिलते ही कोढ़ा थानाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह, सअनि अजमतुल्ला खां, सदल बल मौके पर पहुंच शव को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हेतु कटिहार भेज दिया। वहीं सअनि अजमतुल्ला खां ने बताया कि शव को देखने से ऐसा प्रतीत होता है कि धारदार हथियार से उसकी हत्या की गयी है। वृद्ध का दोनों कान, नाक, काटने के साथ-साथ उसकी आंखें निकाल दी गई है। वहीं शव के गले में मफलर लपटा पाया गया है। आगे बताया कि हत्यारे द्वारा किसी रंजिश के तहत उक्त अज्ञात व्यक्ति की हत्या कर शव को छुपाने के दृष्टिकोण से बांसबाड़ी में छुपा दिया गया। वहीं थानाध्यक्ष श्री सिंह ने बताया कि कोढ़ा थाना में मामला दर्ज कर आगे की कार्यवाही की जा रही है। समाचार प्रेषण होने तक शव की शिनाख्त नहीं हो पाई थी।