छठ को लेकर सजने लगे घाट और बाट
-छठ के लोकगीतों से गुंजायमान हो रहा वातावरण -नदियों और जलाशयों पर घाट निर्माण का काम जोरों पर -ल
-छठ के लोकगीतों से गुंजायमान हो रहा वातावरण
-नदियों और जलाशयों पर घाट निर्माण का काम जोरों पर
-लोकआस्था के महापर्व का चार दिवसीय कठोर व्रत कल से
-मंडल कारा के विचाराधीन बंदियों के लिए भी की जा रही व्यवस्था
-पर्व को लेकर नगर निगम और जिला प्रशासन भी मुस्तैद
-व्रतियों की सुविधा के लिए सामाजिक संस्थाओं ने भी कसी कमर
-------------
संवाद सूत्र, कटिहार: लोक आस्था और सूर्योपासना का महापर्व छठ की तैयारियां जोरों पर की जा रही है। छठ को लेकर चार दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान सोमवार से शुरू हो जाएगा। नहाय खाय के साथ ही व्रतियों द्वारा इसकी विधिवत तैयारी शुरू कर दी जाएगी। छठ पर्व को लेकर नदियों, पोखरों एवं जलाशयों के किनारे घाट बनाने का काम जोरों पर किया जा रहा है। वहीं विभिन्न छठ घाटों की ओर जाने वाले रास्तों को भी दुरूस्त किया जा रहा है। नगर निगम द्वारा छठ घाटों की साफ सफाई का काम शुरू कर दिया गया है। जिला प्रशासन ने भी सुरक्षा उपायों की मुक्कमल व्यवस्था की है। जिला पदाधिकारी प्रकाश कुमार, एसडीओ विनोद कुमार एवं नगर निगम के अधिकारी लगातार घाटों का निरीक्षण कर रहे हैं। उधर मंडल कारा में बंद विचाराधीन कैदियों के लिए भी छठ करने की व्यवस्था कारा प्रशासन द्वारा की जा रही है। मंडल काराधीक्षक ने बताया कि कारा के अंदर पोखर के किनारे व्यवस्था हो रही है। व्रत करने वाले बंदियों के लिए पूजन सामग्री एवं अन्य व्यवस्था कारा प्रशासन द्वारा की जा रही है। विभिन्न सामाजिक संस्थाओं द्वारा भी घाटों पर सफाई और प्रकाश की समुचित व्यवस्था की जा रही है। रेड क्रास सोसायटी द्वारा कारी कोसी घाट पर गोताखोरों एवं प्राथमिक उपचार को लेकर अपने स्वंयसेवकों को मुस्तैद रहने को कहा गया है। छठ की पूजन सामग्रियों की खरीदारी के लिए बाजारों में भीड़ उमड़ रही है। सूप, डाला, मौसमी फलों एवं अन्य पूजन सामग्री से बाजार अटा पड़ा है। शहर के न्यू मार्केट में रविवार से ही छठ की खरीदारी को लेकर उमड़ने वाली भीड़ को लेकर बैरिकेटिंग की जा रही है। नहाय खाय और कद्दू भात को लेक लौकी के दाम आसमान छू रहे हैं। शहर के कारी कोसी, विजय बाबू पोखर, बीएमपी पोखर, सहित अन्य छठ घाटों पर तैयारियां जोरों पर है। छठ के लोक गीतों से संपूर्ण वातावरण गुंजायमान हो रहा है।