24 को विधानसभा का घेराव करेंगे सांख्यिकी स्वयं सेवक
जासं भभुआ (कैमूर): जिला कृषि कार्यालय के बगल स्थिति चबूतरे पर सांख्यिकी स्वयं सेवक संघ की बैठक अजय स
जासं भभुआ (कैमूर): जिला कृषि कार्यालय के बगल स्थिति चबूतरे पर सांख्यिकी स्वयं सेवक संघ की बैठक अजय सिंह की अध्यक्षता व सुधांशु के संचालन में हुई। बैठक में राज्य सरकार द्वारा मांगों को ठुकराने एवं स्वयं सेवकों के प्रति नकारात्मक रवैया अपनाने के विरोध में 24 दिसम्बर को विधानसभा का घेराव करने का निर्णय लिया गया। इस कार्यक्रम में पूर्व केन्द्रीय मंत्री रघुवंश प्रसाद सिंह सहित कई विधायक शामिल होंगे। घेराव को सफल बनाने के लिए जिले के सभी सांख्यिकी स्वयं सेवक मंगलवार की शाम पटना रवाना होंगे। बैठक में सत्येन्द्र ,सत्यप्रकाश पाल, शशि राम,नंदु राम, नंद गोपाल गुप्ता, कीर्ति, ममता कुमारी, राजन,सुजीत आदि शामिल थे। यह जानकारी जिलाध्यक्ष राजेश कुमार ने दी।
मत्स्य पालकों का प्रशिक्षण प्रारम्भ
संसू अधौरा (कैमूर): प्रखंड के बड़वान गांव में अनुसूचित जनजाति के मत्स्य पालकों का प्रशिक्षण प्रारम्भ हुआ। प्रशिक्षण का उद्घाटन जिला मत्स्य पदाधिकारी सत्येन्द्र राम ने किया। प्रशिक्षण 29 दिसम्बर तक चलेगा। इस मौके पर मत्स्य प्रसार पदाधिकारी रतन कुमार ,प्रमंडलीय अध्यक्ष राम चंद व पैक्स अध्यक्ष लक्ष्मी सिंह मौजूद थे। जिला मत्स्य पदाधिकारी ने बताया कि जिले में मत्स्य पालकों को प्रशिक्षित करने का कार्य युद्ध स्तर पर चलाया जा रहा है। सभी प्रखंडों के लिए अलग अलग तिथि निर्धारित है। ज्ञात रहे कि इससे पूर्व भगवानपुर प्रखंड के चुआं गांव में 30 अनुसूचित जन जाति के मत्स्य पालकों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है।