तीज पर्व को लेकर बाजारों में बढ़ी चहल-पहल
जमुई। तीज पर्व को लेकर बाजारों में चहल-पहल काफी बढ़ गई है। सुहागिनों की भीड़ कपड़े अ
जमुई। तीज पर्व को लेकर बाजारों में चहल-पहल काफी बढ़ गई है। सुहागिनों की भीड़ कपड़े और चूड़ी की दुकानों पर उमड़ पड़ी है। इस पर्व में चंद दिन शेष रह गए हैं। ऐसे में महिलाएं खरीददारी करने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ना चाह रही है। खरीदारी के लिए कपड़ों और अन्य दुकानों पर उनकी भीड़ लग रही है। ऐसी मान्यता है कि इस पर्व में पूजा-अर्चना नए कपड़े पहनकर ही किया जाता है। जिसके कारण हर सुहागन अपने लिए साड़ी एवं अन्य श्रृंगार प्रसाधन की सामग्री की खरीदारी जोर-शोर से कर रही है। महिलाएं अभी से ही कपड़े खरीदकर दर्जी के पास पहुंचने लगी है। शहर के दुकानदारों ने भी इस पर्व को लेकर पहले से तैयारियां कर रखी है। तीज को लेकर शहर की दुकानों में काफी भीड़ देखी जा रही है। इस त्योहार का आस्था सुहाग से जुड़ा है। इसके कारण अपनी हैसियत से बढ़कर सुहागन इस पर्व की तैयारी कर रही है। सुहागन रहने की कामना लिए महिलाएं इस त्योहार को मनाती है। ऐसे में सुहाग की निशानी चूड़ियों की बिक्री भी खूब हो रही है। रंग-बिरंगी चुडिय़ों से बाजार पटा हुआ है। महिलाओं की भीड़ इन दुकानों पर देखी जा रही है। हालांकि सावन के महीने में भी महिलाओं द्वारा चुडिय़ों की खरीदारी की जाती है। लेकिन पति की लंबी आयु की कामना वाले इस व्रत में भी महिलाएं नए कपड़ों के साथ नई चूडि़यां पहनना उचित समझती है। यह त्योहार हमारे भारतीय सभ्यता संस्कृति के पति पत्नी के अटूट रिश्ते को दर्शाता है। पत्नी नए वस्त्रों में निर्जला व्रत कर गौरी शंकर की पूजा अर्चना कर सदा सुहागन रहने का वरदान मांगती है। पति भी महिलाओं की खरीदारी में सहयोग कर रहे हैं। इस पर्व को लेकर एक ओर जहां साडि़यों और चुडि़यों की बिक्री बढ़ गई है वहीं दूसरी ओर बाजारों में इसे लेकर उत्सवी माहौल दिखाई पड़ने लगा है।