बटिया घाटी में यात्रियों से लाखों की लूट
जमुई। सोमवार की रात लुटेरों ने बटिया घाटी में आधा दर्जन वाहन के यात्रियों से लगभग दो लाख क
जमुई। सोमवार की रात लुटेरों ने बटिया घाटी में आधा दर्जन वाहन के यात्रियों से लगभग दो लाख की संपत्ति लूट ली। हालांकि लूट की घटना के संबंध में किसी पीड़ित द्वारा पुलिस को सूचना नहीं दी गई है। घटना रात्रि एक बजे घटी। मिली जानकारी के अनुसार बटिया घाटी के चिरेन पुल के समीप लुटेरों ने पत्थर से सड़क को अवरूद्ध कर करीब एक घटे तक लूट मचाई तथा आधा दर्जन से अधिक वाहनों के चालकों व यात्रियों से जेवरात, मोबाइल, नगदी, घड़ी समेत दो लाख से अधिक की संपत्ति लूट ली। बताया जाता है कि इस दौरान देवघर से लौटकर सिकंदरा जा रहे कुछ लोग भी लूट के शिकार हो गए। लूट की घटना को अंजाम देकर लुटेरे के भागने के बाद जब यात्री वापस घाटी से निकल रहे थे तो उस दौरान सोनो पुलिस की गश्ती गाड़ी मिली। पीड़ित यात्रियों ने उन्हें घटना की जानकारी दी। बताया जाता है कि घटना की जानकारी मिलने के बाद सोनो पुलिस की गश्ती गाड़ी घटनास्थल तक गई लेकिन घटनास्थल चन्द्रमंडीह थाना क्षेत्र में रहने के कारण सोनो पुलिस वापस लौट गई। इसके बाद पीड़ित यात्री बिना थाने को सूचना दिए ही अपने घर की ओर चल दिए। इधर घटना के बाबत जब चन्द्रमंडीह के थानाध्यक्ष अजीत कुमार से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि उन्हें घटना की जानकारी नही है न ही किसी के द्वारा कुछ सूचना पुलिस को दी गई है।