अतंरराज्यीय अपराधी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
जमुई। चन्द्रमंडीह पुलिस ने काफी दिनों से फरार चल रहे अतंरराज्यीय अपराधी सलीम उर्फ चंदला को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है।
जमुई। चन्द्रमंडीह पुलिस ने काफी दिनों से फरार चल रहे अतंरराज्यीय अपराधी सलीम उर्फ चंदला को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। वह काफी दिनों से फरार चल रहा था। पुलिस उसकी गिरफ्तारी को बड़ी सफलता मान रही है। चन्द्रमंडीह थानाध्यक्ष विजय कुमार यादवेन्दु ने बताया कि सलीम उर्फ चंदला को गुप्त सूचना पर उसके घर चन्द्रमंडीह थाना क्षेत्र के बाघमारा से रविवार रात गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जमुई भेज दिया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि सलीम उर्फ चंदेला पर बिहार, झारखंड, बंगाल, एवं यूपी के कई थानों में रेल डकैती, चोरी एवं अन्य कई घटनाओं को लेकर मामले दर्ज हैं। यूपी पुलिस भी चंदला को आगरा में हुए ट्रेन लूटकांड मामले में सरगर्मी से तलाश कर रही थी। घटनाओं को अंजाम देकर यह शातिर अपराधी एक राज्य से दूसरे राज्य में पुलिस से बचने के लिए छिपता रहता था। इसे पकड़ने के लिए पुलिस भी काफी दिनों से सक्रिय थी और उस पर पैनी नजर रखे हुए थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि चंदला अपने घर बाघमारा आया हुआ है तभी चन्द्रमंडीह थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस ने उसे उसके घर से दबोच लिया।