घटनास्थल के आसपास अब तक आधा दर्जन लोगों की हो चुकी है हत्या
जमुई। मंगलवार की रात शहर के कल्याणपुर मुहल्ले में पॉलीटेक्निक कॉलेज के समीप सुधीर यादव की गला रेतकर
जमुई। मंगलवार की रात शहर के कल्याणपुर मुहल्ले में पॉलीटेक्निक कॉलेज के समीप सुधीर यादव की गला रेतकर हत्या कोई पहली घटना नहीं है। घटनास्थल के आसपास अब तक आधा दर्जन लोगों की हत्या हो चुकी है। हत्या की वारदात से आसपास के लोगों में दहशत है। सबसे परेशान तो वे हैं जो रात के अंधेरे में नदी पार कर सिकहरिया, गारो नवादा, लठाने जाते हैं। हत्या के बाद आसपास रह रहे लोगों की मानें तो अपराधी सुधीर यादव की हत्या करने ऑटो पर सवार होकर आए थे। पूर्व की घटनाओं पर गौर करें तो 15 वर्ष पूर्व बिहारी के एक युवक की हत्या पॉलीटेक्निक कॉलेज से पूरब नदी में की गई थी। अपराधियों ने हत्या कर शव को बालू में गाड़ दिया था। बाद में ग्रामीणों ने शव बरामद किया। कुछ ही महीने बाद बिहारी के भोला ¨सह की हत्या कर शव को छह टुकड़े में काटकर बक्से में बंद कर वहीं फेंक दिया था। एक जमाने में कुख्यात रहे कांग्रेस पासवान की हत्या भी उसी नदी में की गई थी। हालांकि उसका शव बरामद नहीं हो सका। कृष्णपट्टी के पागो तांती को उसी जगह पर अपराधियों ने ईंट से कुचलकर मार दिया था। पॉलीटेक्निक कॉलेज निर्माण के दौरान गिरिडीह के दो मजदूरों को अपराधियों ने उसी जगह पर बम से उड़ा दिया था। सुधीर यादव की हत्या का गवाह भी वही स्थान बना जहां उससे पहले आधा दर्जन लोगों की हत्या हुई थी। पॉलीटेक्निक कॉलेज बनने से पहले वह क्षेत्र सुनसान था। अपराधी इसका लाभ उठाते थे। अब जब 34 करोड़ की लागत से पॉलीटेक्निक कॉलेज का भवन बन गया, वहां छात्र और शिक्षक रहने लगे तो लगा कि अब यह स्थान सुरक्षित हो गया है। सुधीर यादव की हत्या के बाद फिर वही खौफ का मंजर कायम हो गया है।