मूर्ति वापस करवाने वाले को मिलेगा 51 हजार इनाम
जमुई। खैरा थाना क्षेत्र के जन्मस्थान से शुक्रवार की रात्रि लूटी गई भगवान महावीर की मूर्ति को वापस कर
जमुई। खैरा थाना क्षेत्र के जन्मस्थान से शुक्रवार की रात्रि लूटी गई भगवान महावीर की मूर्ति को वापस कराने वाले को 51 हजार रुपये पारितोषिक दिया जाएगा। मूर्ति वापस करवाने वाले का नाम भी गुप्त रखा जाएगा।
उक्त जानकारी लछुआड़ जैन धर्मशाला के पूर्व प्रबंधक अंजनी कुमार सिन्हा ने रविवार को दी। श्री सिन्हा वर्तमान में इसकी मुख्य शाखा शिखरजी में प्रबंधक हैं। घटना के बाद वे जन्मस्थान और लछुआड़ में कैम्प कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि घटना की सूचना पाकर जैन श्वेताम्बर सोसाइटी के अध्यक्ष कमल सिंह रामपुरिया तथा सचिव संजय बदलिया सहित कई ट्रस्ट जन्मस्थान आकर घटना की जानकारी ली और इस पर गहरा दुख व्यक्त किया। अध्यक्ष व सचिव ने मूर्ति वापस करवाने वाले को उक्त पारितोषिक देने की घोषणा की। अध्यक्ष व सचिव अभी जन्मस्थान एवं लछुआड़ में कैम्प किए हुए हैं। वे अन्य ट्रस्टियों एवं जैन समाज के प्रबुद्ध लोगों से विचार विमर्श कर रहे हैं। श्री सिन्हा ने बताया कि यह जैनियों के गहरे धार्मिक आस्था का केन्द्र था और मूर्ति को यहां से ले जाना अत्यंत दुखद और निंदनीय है। उन्होंने अपने स्तर से भी मूर्ति वापसी में आसपास के ग्रामीणों से सहयोग करने की अपील की।