जनता दरबार में धान अधिप्राप्ति नहीं करने की शिकायत
संवाद सहयोगी, जमुई : जिलाधिकारी के जनता दरबार में गुरुवार को फरियादियों में किसानों की सर्वाधिक भीड़
संवाद सहयोगी, जमुई : जिलाधिकारी के जनता दरबार में गुरुवार को फरियादियों में किसानों की सर्वाधिक भीड़ रही। किसानों की शिकायत थी कि धान अधिप्राप्ति नहीं की जा रही है। जिला किसान सभा के सचिव अनिल सिंह ने एक आवेदन देकर कहा कि सिकंदरा प्रखंड में धान अधिप्राप्ति में मनमानी की जा रही है। व्यापार मंडल को गोदाम नहीं है। धान के किस्मों के आधार पर खरीद की जा रही है। जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अपर समाहर्ता चौधरी अनंत नारायण एवं उपविकास आयुक्त मृत्युंजय कुमार को आवेदन के आलोक में जांच करने और आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि धान अधिप्राप्ति सुनिश्चित किया जाए।
लक्ष्मीपुर प्रखंड के हरला निवासी वार्ड सदस्य गीता देवी ने विद्यालय शिक्षा समिति के खाते का संचालन गलत तरीके से किए जाने और विकास कार्यो में अनियमितता की शिकायत की। उन्होंने यह भी कहा कि विद्यालय में पठन-पाठन की स्थिति बहुत खराब है। जिलाधिकारी ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। जमुई प्रखंड के नवीनगर की माधुरी देवी ने इंदिरा आवास में गांव के ही विनोद सिंह एवं जानकी पासवान द्वारा बारह हजार रुपया ठगे जाने की शिकायत की। उन्होंने कहा कि ये दोनों व्यक्ति मुखिया के एजेंट हैं। इस मामले में जिला ग्रामीण विकास अभिकरण को जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। जनता दरबार में सौ से अधिक फरियादियों ने शिकायत की। आवेदनों में पुलिस अधीक्षक से संबंधित 5, डीडी से संबंधित 2, जिला शिक्षा पदाधिकारी से संबंधित 10, अनुमंडल पदाधिकारी से संबंधित 4, बिजली विभाग से संबंधित 8 सहित कई अन्य विभागों के भी मामले आए।