जमुई में दो युवक की गोली मारकर हत्या
संवाद सूत्र, अलीगंज (जमुई): बुधवार को चन्द्रदीप थाना क्षेत्र के सिकन्दरा-नवादा मुख्य मार्ग पर अम्बा गांव के समीप घात लगाए अपराधियों ने दो युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। दोनों युवक बाइक पर सवार होकर चन्द्रदीप बाजार से अलीगंज आ रहे थे। इस घटना में प्रमोद यादव की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। जबकि दूसरे युवक का शव कौआकोल थाना के बरौन गांव स्थित पहाड़ के समीप से बरामद किया गया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सिकन्दरा-नवादा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। जाम की सूचना पर पहुंचे अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुरेन्द्र कुमार सिंह के काफी प्रयास के बाद सड़क जाम हटा। जानकारी के अनुसार कोदवरिया पंचायत के भलुआना निवासी ब्रह्मादेव यादव का 26 वर्षीय पुत्र प्रमोद कुमार यादव अपने साथी अधिक यादव के साथ बाइक से चन्द्रदीप बाजार से अलीगंज जा रहा था। बोलेरो पर सवार अपराधी अम्बा गांव के समीप पहले से घात लगाकर बैठे थे। दोनों युवकों को देखते ही अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जिससे प्रमोद यादव वहीं ढेर हो गया। अपराधी अधिक यादव को अगवा कर अपने साथ लेते गए। बाद में उसका शव बरौन गांव के सटे दक्षिण पहाड़ से बरामद हुआ। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सिकन्दरा-नवादा पथ को जाम कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुरेन्द्र कुमार सिंह ने मौके पर पहुंच कर मृतक के परिजन को समझा कर जाम हटवाया। फिर शव को पोस्टमार्टम हेतु सदर अस्पताल भेज दिया गया। एसडीपीओ ने मृतक के परिजन को आस्वस्त किया कि घटना में शामिल लोगों को बख्सा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि वर्चस्व को लेकर इस घटना को अंजाम दिया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बोलेरो में तीन अपराधी हथियार से लैस थे। गोलीबारी में जख्मी अधिक यादव को वे अपने साथ लेते गए। बाद में बरौन के दक्षिण पहाड़ के समीप अधिक यादव का शव फेंक कर अपराधी खड़गपुर पथ होते हुए फरार हो गए। पुलिस ने उक्त स्थल से घटना में प्रयुक्त बोलेरो को बरामद कर लिया है।