महिला से उचक्के ने रुपये का थैला छीना, धराया
संवाद सूत्र, सोनो (जमुई): महिला से रुपये का थैला छीनकर भाग रहे एक उचक्के को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पकड़ा गया लड़का रोहण कटिहार का रहने वाला है। घटना शनिवार को तब घटी जब साड़ी पर गिरी गंदगी को धोने महिला चापाकल पर गई।
पीड़ित महिला अमेठियाडीह निवासी विशुन यादव की पत्नी शांति देवी है। उसने बताया कि जब वह यूको बैंक से दस हजार रुपये निकाल कर घर लौट रही थी तभी किसी ने उसकी साड़ी पर गंदा पदार्थ फेंक दिया। शीतला मंदिर के समीप चापाकल पर साड़ी धोने के क्रम में एक लड़का रुपये वाला थैला लेकर भागने लगा। उसके चिल्लाने की आवाज सुनकर बाजार के लोग उस लड़के का पीछा कर उसे पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया। पकड़ा गया लड़का शुरू में अपने परिचय को लेकर पुलिस को गुमराह करता रहा। बाद में उसने अपना नाम रोहण बताते हुए घर कटिहार के गेड़ाबाड़ी बताया। रोहण ने बताया कि उसके साथ एक अन्य लड़का भी साथ था जिसने महिला के कपड़े पर गंदा पदार्थ फेंका था। महज 14 वर्ष का रोहण पिछले कई वर्षो से छीनतई के धंधे में लगा हुआ है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। वहीं स्थानीय लोगों की संलिपत्ता की भी संभावना तलाश करने में जुट गई है। विदित हो कि पिछले कुछ माह से बैंक के समीप इस प्रकार की छीनतई की घटना घटित हो रही है। गिरोह क सदस्य आमतौर पर ग्रामीण महिलाओं को निशाना बनाकर उनकी राशि ले उड़ते है। इस प्रकार के गिरोह की सक्रियता से आम लोगों के अलावा बैंक कर्मी भी परेशान हैं।