जनता दरबार में हुआ कई मामलों का निष्पादन
सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को प्रखंड क्षेत्र के जयतीपुर कुरुआ पंचायत भवन में जनता दरबार का आयोजन कर कई मामलों का ऑन स्पोर्ट निष्पादन किया गया।
जहानाबाद। सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को प्रखंड क्षेत्र के जयतीपुर कुरुआ पंचायत भवन में जनता दरबार का आयोजन कर कई मामलों का ऑन स्पोर्ट निष्पादन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अनुमंडलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने की।
जनता दरबार में अधिकांश शिक्षा, स्वास्थ्य, पेंशन, इंदिरा आवास के मामले आए। कई मामलों का निष्पादन ऑन स्पोर्ट कर दिया गया तथा शेष को संबंधित पदाधिकारियों को प्रेषित कर शीघ्र निपटाने का निर्देश दिया गया। मौके पर थाना विगहा के विकलांग दुखनी कुमारी तथा मनीष कुमार आए। दोनों ने विकलांगता प्रमाण पत्र बनाने की मांग की। एसडीओ ने चिकित्सा पदाधिकारी को त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया। इसी प्रकार अरहिट के सुलेखा देवी तथा सिकंदरपुर के शांति देवी ने राशन कार्ड बनाने की गुहार लगाई। वार्ड सदस्य कामता प्रसाद ने नइमा पंचायत में गिरती शिक्षा व्यवस्था पर चर्चा की। एसडीओ ने प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी से जीविका के दीदी से जांच कराने का निर्देश दिया। कुल मिलाकर जनता दरबार में चार दर्जन से अधिक मामले आए। मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी श्याम किशोर शर्मा, अंचलाधिकारी प्रमोद कुमार मिश्र, प्रखंड प्रमुख अलका आनंद, उप प्रमुख शिव शंकर गौतम, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी कौलेश शर्मा, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी रौशन कुमार, चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. विनोद चौधरी, मुखिया सुशीला देवी, ओकरी ओपी अध्यक्ष रूपेश कुमार समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।