डीवीटी के जरीए हो रहा राशि का भुगतान
प्रश्न पहर कार्यक्रम में जिलाकल्याण पदाधिकारी रविशंकर प्रसाद ने कल्याण विभाग से संबंधित प्रश्नों का उत्तर देते हुए निदान के कई उपाय बताए।
जहानाबाद। दैनिक जागरण कार्यालय में बुधवार को प्रश्न पहर कार्यक्रम में जिलाकल्याण पदाधिकारी रविशंकर प्रसाद ने कल्याण विभाग से संबंधित प्रश्नों का उत्तर देते हुए निदान के कई उपाय बताए। उन्होंने कहा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन का भुगतान अब सीधे लाभुको के खाते में किया जा रहा है। डीबीटी के माध्यम से लाभार्थियों के खाते में राशि भेजने से बिचौलियो का बोलबाला पूर्णत: समाप्त हो गया है। कल्याण पदाधिकारी ने सबों की समस्याओं से संबंधित प्रश्नों का सटिक एवं तार्किक जवाब दिया। उनसे पूछे गए प्रश्नों का मुख्य अंश निम्न हैं
प्रश्न: मोदनगंज प्रखंड में पेंशन की राशि का वितरण नहीं हुआ है।
राघवेन्द्र कुमार ओकरी
उत्तर: देखिए पेंशन की राशि का वितरण अब शिविर लगाकर नहीं किया जाता है। लाभार्थियों के खाते में राशि भेजी जा रही है। डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के तहत छह महीने के बकाए राशि की भुगतान की गई है।
प्रश्न: वृद्धा पेंशन का भुगतान नहीं हुआ है।
मनीष कुमार, मोदनगंज
उत्तर: आप लाभार्थी का खाता चेक कराएं। राशि पहुंच गई होगी या दो चार दिनों में खाते में ट्रांसफर हो जाएगी। अब सीधा खाते में राशि को भेजने की व्यवस्था की गई है। आप अपने बैंक खाता की छायाप्रति बीडीओ के पास जमा कराएं होंगे तो निश्चय हीं राशि खाते में पहुंच गई होगी।
प्रश्न: पेंशन का भुगतान नहीं हुआ है।
देवंति देवी, जहानाबाद
उत्तर: आप अपना बैक पासबुक का फोटोकापी प्रखंड कार्यालय में जमा करा दें। दो चार दिनों के अंदर राशि डीबीटी के माध्यम से खाते में पहुंच जाएगी।
प्रश्न: हमारी मां को अभी तक पेंशन की राशि नहीं मिली है।
धनंजय कुमार, साहपुर घोसी
उत्तर: देखिए अब शिविर लगाकर राशि का वितरण नहीं किया जा रहा है। सीधे डीबीटी के जरीए खाते में राशि भेजी जा रही है। आप अपना खाता चेक करें। अगर राशि नहीं पहुंची होगी तो बीडीओ के पास शिकायत दर्ज कराएं या जिला कार्यालय में आवेदन दें।
प्रश्न: वित्तीय वर्ष 2014-15 में ओबीसी कोटे का तकनीकी छात्रवृति का भुगतान नहीं हुआ है।
संजय शर्मा, हुलासगंज
उत्तर: पहले भुगतान पटना से डायरेक्ट होता था। दरअसल अभी तक पूरा डाटा उपलब्ध नहीं हो पाया है। डाटा मिलते हीं छात्रवृति की राशि का भुगतान कर दिया जाएगा।
प्रश्न: रतनी प्रखंड के नोआवां गांव निवासी मालती देवी को जून 2015 से पेंशन राशि का भुगतान नहीं हुआ है। इंदिरा आवास सहायक नजराने की मांग करता है।
रंगनाथ शर्मा,
उत्तर: आप उनका खाता संख्या उपलब्ध कराएं। जिला कार्यालय में एक आवेदन भी दें। मैं त्वरित कार्रवाई करुंगा। जहां तक इंदिरा आवास सहायक की बात है इसके लिए आप अलग से आवेदन दें। हो सके तो अन्य लाभार्थियों से भी आवेदन दिलाएं तो निश्चित रुप से सहायक पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
प्रश्न: मखदुमपुर के इंदरपुर गांव में पेंशन राशि का भुगतान नहीं हुआ है
अवध किशोर मखदुमपुर
उत्तर: राशि का भुगतान डीबीटी के जरीए हो रहा है। आप उसके लिए प्रखंड विकास पदाधिकारी से संपर्क करें। अगर बैंक खाते का ब्योरा उपलब्ध करा दिया गया होगा तो दो चार दिनों के अंदर राशि खाते में पहुंच जाएगी।
प्रश्न: वृद्धा व विधवा पेंशन के लाभार्थियों का आवेदन जमा करने में परेशान किया जाता है।
पंकज कुमार राकेश, गांधी मैदान
उत्तर:आप परेशान करने वाले का नाम के साथ हीं जिला कार्यालय में आवेदन दें। ऐसे कर्मियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। हमलोग जनसमस्याओं के निराकरण के लिए तत्पर हैं।