पीडि़त मानवता की सहायता को ले आगे आए लोग
जागरण संवाददाता, जहानाबाद पच्चीस अप्रैल को नेपाल एवं भारत के कई इलाकों में भूकंप से भारी तबाही मची
जागरण संवाददाता, जहानाबाद
पच्चीस अप्रैल को नेपाल एवं भारत के कई इलाकों में भूकंप से भारी तबाही मची है। और इससे लाखों लोग प्रभावित हुये हैं। सबसे बुरा हाल नेपाल का है। जहां आज तक चार हजार से अधिक लोगों की मौत होने की खबर है वहीं हजारों की संख्या में लोग खुले आसमान के नीचे भय और दहशत की जिंदगी जीने को मजबूर हो रहे हैं। ऐसे में उन्हें राशन, पानी, दवा की काफी आवश्यकता होती है। जिसको लेकर जिले में कई संगठनो ने कोष संग्रह अभियान शुरु कर दिया है। अभाविप के नगर इकाई ने कोष संग्रह से पूर्व बैठक आयोजित कर प्राकृतिक आपदा में मृत लोगों के आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना किया साथ हीं भविष्य मे ंऐसी भीषण त्रासदी न आए यह भी कामना किया। इसके उपरांत प्रांतीय सह मंत्री मुकेश कुमार के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं का दल शहरी क्षेत्र में भ्रमण कर आपदा राहत के लिए कोष संग्रह किया। मुकेश कुमार ने बताया कि यह राशि प्रधानमंत्री राहत कोश में जमा करायी जायेगी। इस अवसर पर मुचकूंद तिवारी, सुरज कुमार, रवि कुमार, विरेन्द्र कुमार समेत कई कार्यकर्ता शामिल थे। इधर भाकपा माले द्वारा सोमवार से एक सप्ताह तक राहत संग्रह अभियान चलाने का निर्णय लिया गया है। इस कड़ी में मखदुमपुर प्रखंड के कई क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं द्वारा राहत कोष संग्रह किया गया। इस अ वसर पर पार्टी नेता अशोक कुमार, उमेश मांझी समेत कई कार्यकर्ता उपस्थित थे। इधर पार्टी के जिला कार्यालय सचिव श्याम पांडेय प्रेस बयान जारी कर कहा है कि पार्टी द्वारा एक सप्ताह तक राहत संग्रह अभियान चलाया जायेगा। इसमें लोगों को बढ़ चढ़कर सहयोग की जरुरत है ताकि संकट की घड़ी में पीड़ित मानवता की सेवा में कोई कमी नहीं हो। इधर छात्र संगठन सुशी ने भी आपदा पीड़ित लोगों के मदद के लिए मुहिम छेड़ दी है। सुशी के कार्यकर्ताओं ने नगर क्षेत्र में घुम धुम कर कोष संग्रह अभियान चलाया। कार्यकर्ताओं ने बताया कि यह राशि आपदा पीड़ित लोगों के सहायतार्थ भेजी जायेगी। उन्होंने लोगों से बढ़ चढ़कर सहयोग करने का अनुरोध किया।