महंगाई कहीं फीकी न कर दे पकवान की महक
गोपालगंज। दीपों के त्योहार दीपावली पर महंगाई की मार पड़ने लगी है।
गोपालगंज। दीपों के त्योहार दीपावली पर महंगाई की मार पड़ने लगी है। खाद्य पदार्थ की कीमतों में दिनोंदिन होती वृद्धि से आम लोग परेशान हैं। कीमतें ऐसी कि कोई भी व्यक्ति इच्छा के अनुरूप सामानों की खरीद नहीं कर पा रहा है।
वर्तमान वर्ष में महंगाई को देखते हुए ऐसा लगता है कि अधिकांश घरों में पकवान की महक फीकी ही रहेगी। घी-तेल से लेकर पिस्ता-बादाम पर महंगाई की मार दीपावली पर अपने घरों में किस्म-किस्म के पकवान बनाने की लोगों के मनसूबों पर भारी पड़ने लगा है।
अब दीपावली में मात्र एक सप्ताह का समय रह जाने के कारण बाजार में चहल पहल बढ़ती जा रही है। लोग दीप से लेकर कपड़ों सहित घर में बनने वाले पकवान को लेकर खरीदारी करने में जुटे हैं। पर, इस बार हर चीज पर महंगाई की मार लोगों के उमंग और उत्साह पर भारी पड़ रही है। महंगाई की सबसे अधिक मार खाद्य सामग्रियां पर पड़ी है। सब्जी से लेकर दाल, चावल, आटा-दाल की बढ़ती कीमत से लोग पहले से ही कराह रहे हैं। दीपावली पर बनने वाले पकवानों में लगने वाली सामग्री की कीमत लोगों के होश उड़ा रहे हैं।
दीपावली पर घरों को रोशन करने के साथ ही पकवानों का अपना ही महत्व है। इस दिन लोग किस्म-किस्म के पकवान अपने-अपने घरों में बना कर उसके स्वाद के संग दीपावली की खुशियां मनाते हैं। पर, इस बार महंगाई की मार ऐसी पड़ी कि मन मुताबिक पकवान बनाने के मनसूबे पर पानी फिरने लगा है। मैदा-सूजी से लेकर पकवान बनाने के काम आने वाली हर चीज की कीमत आसमान छू रही है। किराना दुकानदार बताते हैं कि बढ़ी कीमत के कारण इस बार बिक्री पर काफी असर पड़ा है। लोग पकवान के लिए चीजें खरीद तो रहे हैं। पर, चीजें महंगी हो जाने के कारण खरीदने की मात्रा काफी कम हो गयी है।
इनसे
पिछले साल से तुलनात्मक आंकड़े
सामग्री वर्तमान पिछले साल
मैदा 28 24
सूजी 28 24
चीनी 42 32
रिफाइन तेल 90 80
घी 650 550
डालडा 90 80
छोहाडा 150 120
काजू 700 600
किशमिश 220 190
बादाम 700 650
सरसो तेल 135 100
नोट : वर्तमान और पिछले साल की कीमत प्रति किलो व प्रति लीटर में है।