सोने की चेन के लिए बहू की जहर खिलाकर हत्या
गोपालगंज। दहेज में सोने की चेन की मांग पूरी नहीं होने पर सिधवलिया थाना क्षेत्र के सुपौली
गोपालगंज। दहेज में सोने की चेन की मांग पूरी नहीं होने पर सिधवलिया थाना क्षेत्र के सुपौली गांव के विवाहित पुतूल देवी की उसके ससुराल के लोगों ने जहर खिलाकर हत्या कर दी। कोर्ट के आदेश पर गुरुवार को थावे थाने में घटना की प्राथमिकी दर्ज की गयी।
जानकारी के अनुसार थावे थाना क्षेत्र के भुसांव गांव के ठाकुर महतो की पुत्री पुतूल देवी की शादी करीब दो साल पूर्व सिधवलिया थाना क्षेत्र के सुपौली गांव के शंभू महतो के साथ हुई थी। शादी के बाद ससुराल जाने पर कुछ दिनों तक उसे ठीक से रखा गया। बाद में उसे दहेज में सोने की चेन नहीं लाने का आरोप लगाकर पति व ससुराल के अन्य लोगों ने प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। पुतूल ससुराल के लोगों की प्रताड़ना को झेलती रही। इसी बीच ससुराल के लोगों ने जहर खिलाकर पुतूल की हत्या कर दी तथा शव को गायब कर दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद ठाकुर महतो ने बेटी की दहेज के लिए हत्या किये जाने के आरोप में कोर्ट में परिवाद दाखिल किया। न्यायालय के आदेश पर घटना की थाने में दर्ज करायी गयी प्राथमिकी में शंभू महतो, सुदर्शन महतो, साहेब महतो तथा भागवत महतो सहित पांच लोगों को नामजद किया गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।