दुबई में करंट से युवक की मौत, गांव पहुंचा शव
गोपालगंज। थावे प्रखंड के वृंदावन पंचायत के वृंदावन तकिया निवासी एक युवक की दुबई में करंट लगने से मौत
गोपालगंज। थावे प्रखंड के वृंदावन पंचायत के वृंदावन तकिया निवासी एक युवक की दुबई में करंट लगने से मौत हो गयी। सोमवार की सुबह दुबई से युवक का शव उसके गांव लाया गया। शव पहुंचते ही गांव का माहौल गमगीन हो गया। बताया जाता है कि वृंदावन तकिया गांव निवासी मूंगा लाल यादव के पुत्र 25 वर्षीय पुत्र संतोष कुमार यादव डेढ़ साल पूर्व काम धंधे के लिए दुबई गए थे। वे दुबई के टेरिया कंपनी में इलेक्ट्रिशियन का कार्य करते थे। इस बीच बीते 14 अगस्त को कार्य के दौरान ही उन्हें करंट लग गया। जिससे उनकी मौत हो गयी। युवक की मौत की सूचना मिलने के बाद परिजन उसके शव के आने का इंतजार कर रहे थे। इसी बीच सोमवार की सुबह युवक का शव दुबई से वृंदावन तकिया गांव लाया गया। युवक का शव आते ही गांव का माहौल गमगीन हो गया। शव को देखते ही मृतक की मां, बहन और भाई बेहोश होकर गिर पड़े। सदमे के कारण मां की हालत चिंताजनक बतायी जाती है।