किशोर की मौत मामले में हत्या की प्राथमिकी
गोपालगंज। मांझा थाना क्षेत्र के धर्मपरसा गांव में बलिन्द्र राम नामक एक किशोर की हुई मौत के
गोपालगंज। मांझा थाना क्षेत्र के धर्मपरसा गांव में बलिन्द्र राम नामक एक किशोर की हुई मौत के मामले में मृत किशोर की मां के बयान पर थाने में हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गयी है। दर्ज प्राथमिकी में महिला ने टेंट संचालक सहित दो लोगों पर किशोर की हत्या करने का आरोप लगाया है।
दर्ज प्राथमिकी में धर्मपरसा गांव की शिवकुमारी देवी ने आरोप लगाया है कि उसका पुत्र अपने दरवाजे पर बैठा था। इसी बीच संजय चौधरी नामक टेंट संचालक उसके दरवाजे पर पहुंचा तथा उसके पंद्रह वर्षीय पुत्र बलिन्द्र राम को अपने साथ बुलाकर गांव के ही विजय पाण्डेय के घर टेंट लगाने के लिए बुलाकर ले गया। घंटों बाद तक जब उसका पुत्र घर नहीं लौटा शिवकुमारी देवी उसे ढूंढते विजय पाण्डेय के दरवाजे पर पहुंची। महिला ने आरोप लगाया है कि उसका पुत्र विजय पाण्डेय के दरवाजे पर मृत पड़ा था। महिला ने टेंट संचालक संजय चौधरी तथा विजय पाण्डेय पर साथियों के साथ मिलकर पुत्र की हत्या का आरोप लगाया है। कांड अंकित कर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। ज्ञातव्य है कि इस किशोर की मौत करंट लगने से होने का दावा दो दिन पूर्व किया गया था। महिला द्वारा इस मामले में हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराये जाने के साथ ही इस मामले में नया मोड़ आ गया है।