रिंग बांध पर बस गयी विस्थापितों की बस्ती
गोपालगंज। जादोपुर थाना क्षेत्र का विशुनपुर स्थित रिंग बांध अब विस्थापितों की बस्ती बन गयी ह
गोपालगंज। जादोपुर थाना क्षेत्र का विशुनपुर स्थित रिंग बांध अब विस्थापितों की बस्ती बन गयी है। इस रिंग बांध पर दर्जनों परिवार झोपड़ी डाल कर रहने को मजबूर हैं। छह सात साल पूर्व गंडक नदी के कटाव से धर्मपुर गांव बर्बाद हो गया। जमीन से लेकर घर नदी में विलीन हो गया था। तब इस गांव के दर्जनों परिवारों ने रिंग बांध पर शरण ली थी। अब यह रिंग बांध इनका बसेरा बन गया है। बांध पर बने दर्जनों झोपड़ियों में रह रहे लोगों के लिए अब यही उनकी बस्ती बन गयी है। बांध पर बसेरा बनाये लोग कहते हैं कि कभी धर्मपुर गांव में चंपारण से लेकर सारण तक के व्यवसायी अपना कारोबार करने के लिये आते थे। लेकिन सात साल पूर्व आयी बाढ़ ने पूरे गांव को बर्बाद कर दिया। तभी से इस गांव के दर्जनों लोग बांध पर ही शरण लिये हुए हैं। रिंग बांध पर अपना बसेरा बना कर रह रहे गामा मुसहर कहते हैं कि जब बाढ़ आयी थी तब सरकार ने उन्हें फिर से बसाने का आश्वासन दिया था। लेकिन आज सरकारी मदद के नाम पर किसी को कुछ नहीं मिला। अब रिंग बांध की उनकी बस्ती बन गयी है। मेहनत मजदूर से जो आय होती है उसी से इस बस्ती के लोगों को जीवन यापन होता है।