नमो ने विदेश में बढ़ाया देश का मान : कलराज मिश्रा
जागरण संवाददाता, गोपालगंज : केंद्र सरकार के लघु एवं मध्यम उद्योग विभाग के मंत्री कलराज मिश्रा ने कहा
जागरण संवाददाता, गोपालगंज : केंद्र सरकार के लघु एवं मध्यम उद्योग विभाग के मंत्री कलराज मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लोहा विदेश के लोग भी मानने लगे हैं। प्रधानमंत्री ने विदेशों में देश का मान बढ़ाया है। प्रधानमंत्री दुनिया के किसी भी देश में जाते हैं तो आंख में आंख मिलाकर बात करते हैं। मंगलवार को केंद्रीय मंत्री श्री मिश्रा शहर के शंभू मैरेज हाल में राजग कार्यकर्ताओं के सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने अपने संबोधन में केंद्र सरकारी की एक साल की उपलब्धि को विस्तार से गिनाया। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री सिचाई योजना के अंर्तगत देश के हर खेत के अंदर पानी पहुंचेगा। अटल सुरक्षा पेंशन योजना, सामाजिक सुरक्षा योजना तथा जीवन ज्योति योजना के तहत केंद्र सरकार देश के हर लोगों को लाभ पहुंचाने का प्रयास कर रही है। देश के बेरोजगार नौजवनों को केन्द्र सरकार स्वरोजगार के लिए पीएमजीपी योजना के अंर्तगत सहयोग प्रदान कर रही है। उन्होंने पिछले यूपीए सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछली सरकार श्रीलंका में फंसे भरतीय मछुआरों को स्वदेश वापस नहीं ला सकी थी। लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने उन मछुआरों को स्वदेश वापस लाने का काम किया। उन्होंने राजग कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे केंद्र सरकार की योजनाओं को जन जन तक पहुंचाएं। बिहार की महागठबंधन सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बिहार की जनता इस सरकार से ऊब चुकी है। जनता ने विधानसभा में राजग की पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने का मन बना लिया है। सम्मेलन के बाद केंद्रीय मंत्री ने भाजपा के वरिष्ठ नेता आदित्य नारायण पाण्डेय के आवास पर प्रेस को भी संबोधित किया। जिसमें सरकार के एक साल की उपलब्धियों को विस्तार से बताया गया। इससे पूर्व उत्तर प्रदेश से बिहार में पहुंचने पर बथना कुट्टी में श्री मिश्रा का भाजपा नेता उमेश प्रधान के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। सम्मेलन में सांसद जनक राम, विधायक रामप्रवेश राय, विधायक इन्द्रेव मांझी, भाजपा जिलाध्यक्ष ब्रमानंद राय, प्रदेश उपाध्यक्ष मिथिलेश तिवारी, सुभाष सिंह, अनूप लाल श्रीवास्तव, उमेश प्रधान, आदित्य नारायण पाण्डेय, मनीष किशोर नारायण, राजू चौबे, मंटू गिरी, रालोसपा जिलाध्यक्ष चंद्र भूषण सिंह, लोजपा जिलाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह सहित काफी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।