आंधी ने मचाई तबाही, दर्जनों घरों की दीवारें गिरी
जागरण टीम, गोपालगंज : मंगलवार की रात आई आंधी ने भारी तबाही मचाई है। आंधी पानी में दर्जनों घरों की दी
जागरण टीम, गोपालगंज : मंगलवार की रात आई आंधी ने भारी तबाही मचाई है। आंधी पानी में दर्जनों घरों की दीवारें गिर गई। सैकड़ों घरों के छप्पर उड़ गए। आंधी से जगह पेड़ टूट कर गिर गए। उचकागांव सहित कई इलाके में पेड़ सड़क पर गिर जाने से आवागमन बाधित रहा। आंधी में बिजली के पोल और तार को भी व्यापक क्षति पहुंची है। पोल तार टूट जाने से पूरे कुचायकोट प्रखंड सहित कई इलाकों में रात से ही बिजली गुल है। थावे मंदिर परिसर में आंधी पानी के दौरान एक ट्रांसफार्मर गिर गया। पूरे जिले में आंधी के बाद बिजली व्यवस्था चरमरा गई है।
मंगलवार की रात लोग अपने अपने घरों में सोये हुए थे। इस बीच रात के करीब एक बजे तेज आंधी शुरू हो गई। इसी के साथ बारिश भी होने लगी। करीब आधा घंटे तक चली आंधी ने जिले में व्यापक तबाही मचा दी है। आंधी से जगह जगह पेड़ टूट कर गिर गए हैं। दर्जनों घर की दीवारें ध्वस्त हो गयी। सैकड़ों घरों के छप्पर उड़ गए। उचकागांव में थावे अरना पथ पर पेड़ गिर जाने से बुधवार की दोपहर तक आवागमन बाधित रहा। कुचायकोट में बरनईया राजाराम दो दर्जन घर के छप्पर उड़ गए। इस गांव में आधा दर्जन घरों की दीवारें गिर गई है। इसी प्रखंड के बंगरा, रामपुर बाबू, ढोढवलिया, भोक्तापुर, लोहार पट्टी गांव में भी एक दर्जन से अधिक घरों की दीवारें गिर गई है। आंधी में पोल तार टूट जाने से पूरे प्रखंड में रात से ही बिजली गुल है। थावे में भी आंधी ने व्यापक तबाही है। आंधी से थावे मंदिर परिसर में एक ट्रांसफार्मर गिर गया। मंदिर परिसर में प्रसाद की दुकानों को भी भारी क्षति हुई है। आंधी में मनोज पाण्डेय, केदार, अजय यादव, मनीष, रामाधार, मुन्ना, राधेश्याम, जयप्रकाश, अच्छे लाल सहित कई दुकानदारों की दुकानें ध्वस्त हो गई। इस प्रखंड के विदेशी टोला में पलई यादव तथा नंदकिशोर यादव के पलानी पर इमली का पेड़ गिर गया। हालांकि उस समय पलानी में कोई नहीं था। इसी गांव के कंचन प्रसाद के घर पर पेड़ गिरने से घर का छज्जा टूटकर गिर गया। शोषनाथ वर्मा के घर का छप्पर भी उड़ गया है। इमली का पेड़ टूट कर गिर जाने से चनावे गांव के सामने थावे मीरगंज पथ पर आवागमन बाधित हो गया। बुधवार को जेसीबी से पेड़ हटवाकर आवागमन चालू कराया गया। आंधी से थावे में दर्जनों पेड़ भी गिर गए हैं। आंधी से तार टूट जाने से पूरे प्रखंड की बिजली गुल हो गई है। जिले के भोरे, कटेया, पंचदेवरी, बैकुंठपुर, सिधवलिया, मांझा, बरौली, फुलवरिया, हथुआ सहित सभी प्रखंडों में भी जगह जगह जगह पेड़ टूट कर गिर गए हैं। इन प्रखंडों में तार टूटने से बिजली सप्लाई बाधित हो गयी है।
बागवानी करने वाले किसानों की टूटी कमर
गोपालगंज: आंधी ने बागवानी करने वाले किसानों की कमर तोड़ कर रख दी है। जिले में आम के साथ ही लीची की व्यापक पैमाने पर बागवानी होती है। अब स्थानीय लीची पक कर तैयार होने लगा था। बाजार में भी लीची की खेप पहुंचने लगी थी। आम भी पक कर तैयार होने लगा था। इसी बीच मंगलवार की रात आई आंधी में आम और लीची के पेड़ गिरने के साथ ही फल भी गिर गए। किसानों ने बताया कि इस आंधी में अधिकांश फल गिर गए हैं। जिससे किसानों का व्यापक क्षति उठानी पड़ी है।