दहेज के लिए महिला को जलाकर मारने का प्रयास
संवाद सूत्र,फुलवरिया (गोपालगंज) : थाना क्षेत्र के मिश्र बतरहां गांव में शादी के बाद दहेज में धानकुटी
संवाद सूत्र,फुलवरिया (गोपालगंज) : थाना क्षेत्र के मिश्र बतरहां गांव में शादी के बाद दहेज में धानकुटी मशीन बैठाने के लिए एक लाख रुपये की मांग पूरी नहीं होने पर एक महिला को जलाकर मारने का प्रयास किया गया। इस घटना को लेकर महिला ने अपने पति सहित ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है। बताया जाता है कि पूर्वी चंपारण के रक्सौल गांव निवासी पुष्पा कुमारी की शादी फुलवरिया थाना क्षेत्र के मिश्र बतरहां गांव निवासी अवधेश प्रसाद से हुई है। शादी के महज पांच दिन के बाद ही धानकुटी मशीन लगाने के लिए दहेज के रूप में एक लाख रुपये की मांग शुरू कर दी गयी। इसके लिए महिला को प्रताड़ित किया जाने लगा। इसके बाद भी मांग पूरी नहीं होने पर पुष्पा देवी के शरीर पर मिट्टी का तेल छिड़क कर जलाने का प्रयास किया गया। इस घटना को लेकर महिला ने थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी है। जिसमें अपने पति अवधेश प्रसाद, सास गिरजा देवी, ननद बुची देवी सहित चार लोगों को नामजद किया गया है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।