सिधवलिया चीनी मिल प्रबंधन पर प्राथमिकी
संवाद सूत्र, सिधवलिया (गोपालगंज): गन्ना की घटतौली करने के मामले में किसान रामेश्वर सिंह के बयान पर प
संवाद सूत्र, सिधवलिया (गोपालगंज): गन्ना की घटतौली करने के मामले में किसान रामेश्वर सिंह के बयान पर प्रखंड मुख्यालय स्थित भारत शुगर मिल प्रबंधन सहित दो लोगों पर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी। बताया जाता है कि बीते बुधवार की देर शाम किसान रामेश्वर सिंह अपना गन्ना लेकर इस शुगर मिल में आये थे। जहां तौल के दौरान 5.4 क्विंटल गन्ना की घटतौली कर ली गयी। गन्ना की घटतौली करने की जानकारी होने पर वहां मौजूद किसानों ने जमकर हंगामा करते हुए गन्ना की पेराई को बंद करा दिया था। सूचना मिलने पर पहुंचे एसडीओ रेयाज अहमद खां ने जब अपने सामने गन्ना की तौल करायी तो घटतौली का मामला सच निकला। तब एसडीओ ने मिल प्रबंधन पर प्राथमिकी दर्ज कराने की बात कही थी। इस आश्वासन के बाद किसान रामेश्वर सिंह के बयान पर थाना में मिल प्रबंधन सहित दो लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की गयी। प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।