कारा गेट पर महिला के पास मिला गांजा
जागरण संवाददाता, गोपालगंज : मंगलवार को चनावे मंडल कारा में बंद एक कैदी से मिलने पहुंची महिला के कब्ज
जागरण संवाददाता, गोपालगंज : मंगलवार को चनावे मंडल कारा में बंद एक कैदी से मिलने पहुंची महिला के कब्जे से आधा किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। कारा गेट पर जांच के दौरान सुरक्षा कर्मियों को महिला के पास गांजा मिला। बावजूद इसके महिला को सुरक्षा बलों ने छोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलने पर एसपी अनिल कुमार सिंह ने पूरे मामले की जांच कर दोषी लोगों पर कार्रवाई करने की बात कही है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार को भोरे थाना क्षेत्र की एक महिला चनावे मंडल कारा में बंद कैदी से मिलने आयी थी। मुलाकाती के लिए महिला जैसे ही कारा के मुख्य गेट पर पहुंची, गेट पर तैनात सुरक्षा बलों ने उसकी जांच की। जांच के दौरान महिला के कब्जे से आधा किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। तत्काल घटना की सूचना कारा के वरीय अधिकारियों को दी गयी। इसके पूर्व कि कारा प्रशासन सजग होता, गांजा लेकर जेल के गेट पर पहुंची महिला को सुरक्षा बलों ने छोड़ दिया। इसी बीच कारा के गेट पर गांजा लेकर महिला के पहुंचने की भनक एसपी को लग गयी। एसपी ने पूरे मामले की जांच का आदेश देते हुए कहा कि इस मामले में जो भी दोषी होगा, उसपर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ज्ञातव्य है कि कारा गेट पर गांजा पहुंचने की घटना के बारे में बताने से पूरे दिन कारा प्रशासन बचता रहा।