खोला समस्याओं का पिटारा
जागरण संवाददाता,गोपालगंज: गुरुवार को शहर के मिंज स्टेडियम में जागो गोपालगंज रैली में जनता की समस्याओ
जागरण संवाददाता,गोपालगंज: गुरुवार को शहर के मिंज स्टेडियम में जागो गोपालगंज रैली में जनता की समस्याओं का पिटारा खोलकर उस पर करार प्रहार किया गया। इस दौरान गन्ना किसानों से लेकर शहर वासियों की समस्याओं के लिए जनप्रतिनिधि से लेकर प्रशासन पर जमकर निशाना साधा गया। रैली को संबोधित करते हुए जिला पार्षद ओमप्रकाश सिंह ने कहा कि स्थानीय जनप्रतिनिधि की चुप्पी और प्रशासन की उदासीनता के कारण गोपालगंज विधानसभा की जनता अनगिनत समस्याओं से कराह रही है। गन्ना किसानों को समय से भुगतान नहीं मिल रहा है। जब किसान गन्ना गिराने मिलों में जाते हैं तो वहां घटतौली की जाती है। जिले में केन एक्ट का अनुपालन नहीं किया जा रहा है। इसके बावजूद जनप्रतिनिधि से लेकर प्रशासन उदासीन बना हुआ है। उन्होंने कहा कि शहर से लेकर गांव तक मनमाने ढंग से बिजली कटौती की जा रही है और इसका मनाना बिल भेजा जा रहा है। जर्जर तारों को नहीं बदले जाने से टूट कर गिर रहे करंट प्रवाहित तार की चपेट में आने से आये दिन हादसे हो रहे हैं। उन्होंने दियारा इलाके के ग्रामीणों की समस्या को उठाते हुए कहा कि दियार इलाके के ग्रामीण हर साल गंडक नदी के कटाव और बाढ़ का दंश झेलने को विवश होते हैं। बाढ़ बचाव के नाम पर सरकारी राशि की लूट हो रही है। उन्होंने तटबंधों को बचाने और कटाव को रोकने के लिए बोल्डर पिचिंग से ठोकर का निर्माण कराने की मांग किया। बाढ़ प्रभावित इलाके के किसानों का ऋण भी माफ करने की मांग की गयी। शहरी इलाके की समस्याओं को उठाते हुए उन्होंने कहा कि नालियां जाम होने से शहर के कई इलाके हल्की बारिश में भी जलजमाव की चपेट में आ जाते हैं। नाली निर्माण और सफाई के नाम पर करोड़ों रुपया खर्च किया जाता है। लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। उन्होंने उचकागांव प्रखंड से लेकर थावे प्रखंड की मुख्य समस्याओं का भी उठाते हुए न समस्याओं को दूर करने की मांग किया। रैली को छात्र नेता सचिन कुमार सिंह, बिट्टू सिंह, विरेश्वर सिंह, मोहम्मद जाहिद, मोहम्मद करीमन, प्रमोद सिंह, नेयाज अहमद, प्रो.रामनरेश प्रसाद, मंजर क्यूम, गोविंद वर्णवाल, अनूप सिंह, रामबाबू यादव, दिलीप गुप्ता आदि ने भी संबोधित किया। रैली में हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए।