सदर अस्पताल में अज्ञात वृद्ध ने तोड़ा दम
जागरण संवाददाता, गोपालगंज : सदर अस्पताल में एक बार फिर मानवता शर्मसार हो गई। सदर अस्पताल के आपातकाली
जागरण संवाददाता, गोपालगंज : सदर अस्पताल में एक बार फिर मानवता शर्मसार हो गई। सदर अस्पताल के आपातकालीन कक्ष में पिछले तीन दिन से भर्ती एक अज्ञात वृद्ध का इलाज के अभाव में मौत हो गया। मौत के बाद अस्पताल प्रशासन शव का पोस्टमार्टम करा कर उसके शव को दफनाने की तैयारी में लग गया है। जानकारी के अनुसार बुधवार को अपना इलाज कराने के लिये एक अज्ञात वृद्ध सदर अस्पताल में भर्ती हुए। इस मरीज का कोई अपना नहीं होने के कारण अस्पताल में मौजूद चिकित्सक व कंपाउंडर, किसी ने भी ध्यान ही नहीं दिया। अस्पताल में भर्ती करने के बाद किसी ने भी इस मरीज का इलाज करने की जरूरत ही नहीं समझी। इसी बीच शुक्रवार को अज्ञात वृद्ध ने दम तोड़ दिया। वृद्ध की मौत पर अस्पताल प्रशासन शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे दफनाने की तैयारी में जुट गया। हालांकि सदर अस्पताल में किसी अज्ञात मरीज के इलाज के अभाव में मौत होने की यह पहली घटना नहीं है। दो माह पूर्व भी ओपीडी कक्ष के सामने एक अज्ञात युवक की इलाज के अभाव में मौत हो गयी थी। इस संबंध में पूछे जाने पर सदर अस्पताल के चिकित्सक ने बताया कि वृद्ध को बचाने का हर संभव प्रयास किया था। लेकिन उसकी स्थिति काफी नाजुक थी, जिसके कारण उसकी मौत हो गई।