दहेज उत्पीड़न का आरोपी नागपुर से गिरफ्तार
संवाद सूत्र,कटेया(गोपालगंज): थाना के अवर निरीक्षक श्यामलाल राम ने दहेज उत्पीड़न के मामले में नामजद एक अभियुक्त को महाराष्ट्र के नागपुर में छापामारी कर गिरफ्तार कर लिया। बताया जाता है कि थाना क्षेत्र के जयपुर निवासी अकबर अली की पुत्री शबनम खातून की शादी आठ वर्ष पूर्व इसी थाना क्षेत्र के शैदपुरा निवासी मोहम्मद आलम के पुत्र अब्दुल तालिब के साथ हुयी थी। शादी के बाद दो बच्चे भी हुए। इसके बाद अब्दुल तालिब महाराष्ट्र के नागपुर में बीटेक की पढ़ाई करने चला गया। इसी बीच उसका वहां की एक युवती से संबंध हो गया और वह उसी के साथ रहने लगा। इस बात की जानकारी होने पर उसकी पत्नी ने थाना में दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज करायी। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद अवर निरीक्षक श्यामलाल राम महाराष्ट्र के नागपुर पहुंचे और वहां से अब्दुल तालिब को गिरफ्तार कर कटेया ले आए। कटेया लाने के बाद पुलिस ने आरोपी युवक को शुक्रवार को जेल भेज दिया।