कलकलहां में वृद्ध की पीट पीटकर हत्या
संवाद सूत्र,बरौली (गोपालगंज): थाना क्षेत्र के कलकलहां गांव में भूमि विवाद में एक वृद्ध व्यक्ति को बेरहमी से पीट दिया गया। गंभीर हालत में वृद्ध को परिजन इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। जहां से चिकित्सक ने वृद्ध को सदर अस्पताल रेफर कर दिया। सदर अस्पताल में इलाज के बाद वृद्ध को परिजन घर लेकर चले गए। लेकिन घर जाने के बाद बुधवार की रात वृद्ध की मौत हो गई। इस घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। इस घटना की प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
मृतक व्यक्ति 70 वर्षीय सहदेव सिंह बताये जाते हैं। घटना का कारण पड़ोसी के साथ पूर्व से चल रहे भूमि विवाद को बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार बुधवार की सुबह सहदेव सिंह घर से बाहर शौच करने के लिए निकले थे। इसी बीच रास्ते में मौजूद कुछ लोगों ने उनकी बेरहमी से पिटाई कर दी। जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने इसकी सूचना परिजनों को दी। सूचना मिलने पर पहुंचे परिजनों ने घायल वृद्ध को इलाज के लिए स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले गए। जहां चिकित्सक ने घायल की स्थिति को नाजुक देख सदर अस्पताल भेज दिया। सदर अस्पताल से इलाज कराकर वापस घर लौटने के बाद बुधवार की रात घायल वृद्ध की मौत हो गई। परिजनों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। इस मामले में परिजनों के बयान पर मृत के पड़ोसी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।