डीइओ के आदेश को नहीं मानते प्रधानाध्यापक
जागरण संवाददाता, गोपालगंज
: इस जिले में जिला शिक्षा पदाधिकारी के आदेश को प्रधानाध्यापक नहीं मानते हैं। मध्याहृन भोजन योजना में गड़बड़ी पाये जाने के बाद जिला शिक्षा पदाधिकारी ने चार स्कूलों के प्रधानाध्यापकों से जवाब-तलब किया था। लेकिन प्रधानाध्यापकों ने जिला शिक्षा पदाधिकारी के आदेश को दरकिनार कर आज तक जवाब नहीं भेजा। स्पष्टीकरण का जबाव नहीं मिलने पर एक बार फिर से जिला शिक्षा पदाधिकारी ने इन प्रधानाध्यापकों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए अंतिम स्मार पत्र जारी किया गया। इसके बाद भी अगर एक सप्ताह के अंदर संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो इन प्रधानाध्यापकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
शिक्षा विभाग के अधिकारिक सूत्रों ने बताया कि जिला एमडीएम पदाधिकारी ने बरौली प्रखंड के अपग्रेड मध्य विद्यालय पिपरहिया, नवसृजित विद्यालय बढेया टोला, कुचायकोट प्रखंड के मिडिल स्कूल कल्याणपुर तथा उचकागांव प्रखंड के मध्य विद्यालय सिसवनियां में जांच किया गया था। जांच के दौरान इन विद्यालयों में मध्याहृन भोजन योजना में गड़बड़ी पायी गयी थी। जांच प्रतिवेदन मिलने के बाद जिला शिक्षा पदाधिकारी सुरेश प्रसाद ने संबंधित स्कूलों के प्रधानाध्यापको से जवाब-तलब किया था। लेकिन इन स्कूलों के प्रधानाध्यापको ने डीइओ के आदेश को ताक पर रखते हुए स्पष्टीकरण का जवाब नहीं दिया। जिसे गंभीरता से लेते हुए डीइओ ने इन प्रधानाध्यापकों को अंतिम स्मार पत्र जारी किया है। जिसमें एक सप्ताह के अंदर जबाव देने को कहा गया है। यह चेतावनी भी दी गयी है कि अगर निर्धारित समय के अंदर संतोषजनक जबाव नहीं मिला तो विभागीय कार्रवाई की जाएगी।