तटबंधों पर रखें कड़ी निगरानी
जागरण संवाददाता, गोपालगंज : वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से मुख्यमंत्री जितन राम मांझी और प्रधान सचिव ने शनिवार को बाढ़ व सुखाड़ की स्थिति की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने तमाम तटबंधों पर कड़ी निगरानी रखने का निर्देश देते हुए कहा कि बारिश की स्थिति पर भी अधिकारी नजर रखें। ताकि सुखाड़ की स्थिति पैदा होने पर सहायता उपलब्ध कराया जा सके।
वीडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान प्रधान सचिव ने जिले में बाढ़ व सुखाड़ की स्थिति से निबटने के लिए की गयी तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया। साथ ही गंडक नदी में घटते व बढ़ने जलस्तर पर भी कड़ी निगरानी रखने को कहा गया। प्रधान सचिव ने जिले में नावों की उपलब्धता से लेकर शरण स्थलों के निर्माण व तटबंध की निगरानी के लिए गृह रक्षकों की तैनाती आदि के बारे में पूरी जानकारी प्राप्त की। प्रधान सचिव ने वर्षा मापक यंत्रों के माध्यम से हर दिन के बारिश की स्थित पर नजर रखने का निर्देश दिया। साथ ही सुखाड़ की स्थित पैदा होने पर आवश्यक तैयारियां पूरी रखने को कहा गया। वीडियो कांफ्रेंसिंग में जिलाधिकारी कृष्ण मोहन, एसपी सौरव कुमार, उप विकास आयुक्त सुनील कुमार के अलावा वरीय उप समाहर्ता शाहजहां व अन्य अधिकारी मौजूद थे।