कार्यकाल पूरा होने पर नौ प्राचार्यो का हुआ स्थानांतरण
मगध विश्वविद्यालय के विभिन्न अंगीभूत कॉलेजों में पांच वर्षो का कार्यकाल पूरा करने वाले प्राचार्यो का तबादला किया है।
गया। मगध विश्वविद्यालय के विभिन्न अंगीभूत कॉलेजों में पांच वर्षो का कार्यकाल पूरा करने वाले नौ प्राचार्यो को रविवार को स्थानांतरित किया गया। जबकि एक प्राचार्य को बीमारी व दिसम्बर माह में सेवानिवृत्त होने का लाभ देते हुए पूर्व के कॉलेज में बने रहने दिया गया। विवि के कुलसचिव डॉ. नलीन कुमार शास्त्री द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार जीजे कॉलेज रामबाग बिहटा के प्राचार्य डॉ. कुमार राजीव रंजन को एएनएस कॉलेज बाढ़, एस सिन्हा कालेज जहानाबाद के प्राचार्य डॉ. आनंद कुमार सिंह को एएम कॉलेज गया, जेएनएल कॉलेज खगौल के प्राचार्य डॉ. राजेश शुक्ला को एसयू कॉलेज हिलसा, एसयू कॉलेज के प्राचार्य डॉ. जवाहर प्रसाद सिंह को एएनएस कॉलेज नवीनगर, दाउदनगर कॉलेज के डॉ. गणेश महतो को एसएन कॉलेज वारसलीगंज, आरएलएसवाई कालेज औरंगाबाद के डॉ. फूलो पासवान को जीजे कॉलेज रामाबाग बिहटा, डॉ. श्रीमति सुशीला देवी आरपीएम कॉलेज पटना सिटी से महिला कॉलेज खगौल, डॉ. मीरा कुमारी को महिला कॉलेज खगौल से जेडी वीमेंस कॉलेज पटना और किशोरी सिन्हा महिला कॉलेज औरंगाबाद के प्राचार्य डॉ. राजकिशोरी देवी को आरएलएसवाई कॉलेज औरंगाबाद स्थानांतरित किया गया है। यहां यह बता दें कि एसपीएम कालेज उदंतपुरी के प्राचार्य डा. राजकुमार मजूमदार को बीमारी व दिसम्बर माह में सेवानिवृत्त होने संबंधी अनुरोध पर उन्हें यथावत छोड़ दिया गया है। डॉ. फूलो पासवान अपने स्थानांतरण के लिए विवि से लेकर राजभवन तक गुहार लगा चुके थे। क्योंकि इन्होंने कालेज में फर्जीवाड़े का खुलासा किया था। हालांकि डॉ. राजकिशोरी देवी भी आगामी जुलाई माह में सेवानिवृत्त होंगी। इसलिए इन्हें एक ही शहर स्थित दूसरे कॉलेज में स्थानांतरित किया गया है।