ग्यारह बजे लेट नहीं, चार के बाद भेंट नहीं
पंकज कुमार, गया
जिले की सत्ता का केन्द्र समाहरणालय। यहां जिलाधिकारी सहित प्रशासनिक महकमे के जिला स्तरीय कई अहम पदाधिकारियों का कार्यालय है। लेकिन, यह लोग समय पर कार्यालय नहीं आते-जाते हैं। जब साहब नहीं, तो कर्मचारियों की कौन कहे? यहां पर इन दिनों 'ग्यारह बजे लेट नहीं, चार के बाद भेंट नहीं' का जुमला मशहूर हो चला है। 'दैनिक जागरण' द्वारा सोमवार को समाहरणालय में 'आन द स्पाट' में यह सब देखने को मिला।
कार्यालय समयावधि प्रात: 10 बजे से शाम 5 बजे की है। लेकिन, प्रशिक्षु भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी कंवल तनुज सहित कई जिलास्तरीय अधिकारी 10.45 बजे तक कार्यालय में नहीं मिले। उनके दफ्तर में ताला लटका मिला। जबकि, जिला भूअर्जन पदाधिकारी पी.के. झा, जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग पदाधिकारी इमरान रजा, महिला हेल्पलाइन की आरती व यूनिसेफ की एक महिला अधिकारी समय पूर्व अपने कार्यालय में संचिका निबटाते मिले। शेरघाटी एसडीओ डा. आशिमा जैन बैठक में शामिल होने के लिए प्रात: 9:40 में समाहरणालय पहुंचने वाले अधिकारियों में पहली थीं। वहीं, जिलाधिकारी वंदना प्रेयसी के जिला मुख्यालय से बाहर होने की सूचना दी गई। डीएम दफ्तर के उत्तर व दक्षिण दिशा में स्थित सरकारी कार्यालयों में सुबह 10:40 तक सन्नाटा पसरा था। उप समाहत्र्ता राकेश कुमार व संतोष कुमार का कार्यालय बंद मिला, वहीं 10:38 बजे दक्षिण दिशा की ओर कार्यालय अधीक्षक श्याम सुंदर चौधरी अपने कक्ष में नहीं थे। वहां कर्मचारी कृष्णदेव दास मिले। उनका दावा था कि ओएसडी पास में ही हैं और आ रहे हैं। 10:40 बजे समाहरणालय परिसर में ही एडीएम रामविलास पासवान व उदय कुमार अपने सरकारी कक्ष में नहीं थे। श्री पासवान 10:41 बजे कार्यालय आए। फिर डीएम सभा कक्ष में बैठक करने के लिए निकल गए। 10:42 में स्थापना शाखा के प्रधान सचिव विजय कुमार अपने दो सहयोगियों के साथ कार्य करते मिले। उन्होंने बताया कि उनके यहां 11 में से 9 कर्मचारी आ चुके हैं। बाहर धूप सेंक रहे हैं। 10:43 बजे जिला आपूर्ति पदाधिकारी अखिलेश कुमार व संबंधित कार्यालय में कई कर्मचारी नजर नहीं आए। 10:45 बजे सामान्य शाखा के कर्मचारी राजेन्द्र प्रसाद मिले। वे अपने कार्यालय के बाहर धूप सेंक रहे थे। उन्होंने बताया कि वे प्रतिदिन 9 बजे कार्यालय आ जाते हैं। उन्होंने दावा किया कि कार्यालयकर्मी लखन, नीरज व नीतेश आकर कहीं सरकारी कार्य से बाहर निकले हैं। वहीं कार्यालय में पंकज, नईम, देवकी नंदन एवं कपिल देव की उपस्थिति हो चुकी है। जिला कल्याण पदाधिकारी ज्ञान कृष्ण कुलियार 10:47 बजे अपने कार्यालय में नहीं मिले। कार्यालय के बाहर बरामदे में प्रखंड कल्याण पदाधिकारी सरोज कुमार पांडे से भेंट हुई। उन्होंने कहा कि 'साहब समय पर आ जाते हैं। आज नहीं आए हैं। रास्ते में हो सकते हैं।' जिला जनसंपर्क पदाधिकारी के प्रभार में रह रहे प्रभात कुमार झा का कहना है कि कार्यालय अवधि सर्दी के मौसम में 10:30 से 5 बजे के बीच है। उन्होंने कहा कि समाहरणालय में अधिकारी व कर्मचारी समय पर आते-जाते हैं।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर