खटाल चलाने वालों के खिलाफ होगी प्राथमिकी
गया, जागरण संवाददाता: सड़क किनारे खटाल चलाने वाले अब होशियार हो जाएं। यदि ऐसा करते पाए गए तो नगर निगम आपके विरुद्ध थाने में प्राथमिकी दर्ज कराएगा। दोष सिद्ध होने पर आप दंड के भागी बन सकते हैं।
कल तक जैसे भी सड़क किनारे खटाल चला रहे हों लेकिन अब ये सब नहीं चलेगा। नगर आयुक्त डीएन रामचंद्र ने सड़क किनारे खटाल चलाने वाले सात लोगों के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज कराने का नगर प्रबंधक प्रकाश कुमार को आदेश दिया है।
मानपुर क्षेत्र में नगर निगम वार्ड 52 अंतर्गत सड़क किनारे चल रहे खटाल संचालकों की सूची राजस्व पदाधिकारी विजय कुमार सिन्हा ने नगर आयुक्त को सौंपी है। बहुत जल्द ही इनके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
-------------
बाक्स
इनके विरुद्ध दर्ज होगी प्राथमिकी
नाम - मोहल्ला - होल्डिंग नंबर
1. कृष्णा यादव - गौरक्षणी(नारायण नगर) - 116
2. रजिया देवी - '' - 608
3. जगेशर यादव '' - 642
4. लालदेव यादव '' - 642
5. लीला यादव '' - 642
6. महेन्द्र यादव '' - 642
7. राजकुमार व रामजनम यादव - '' - 298
-------------
नगर आयुक्त का आदेश
नगर आयुक्त डीएन रामचंद्र ने अपने एक आदेश में वार्ड नंबर 52 में सड़क किनारे संचालित खटाल संचालकों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने को सिटी मैनेजर को कहा है। अवैध खटाल संचालकों की सूची भी सौंप दी गई है। खटाल संचालकों के विरुद्ध 'डिफेसमेंट आफ पब्लिक एक्ट' की धारा के तहत स्थानीय थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।
नगर प्रबंधक का है कहना
नगर प्रबंधक प्रकाश कुमार का कहना है कि नगर आयुक्त का इस संबंध में आदेश प्राप्त हो गया है। खटाल चलाने वालों की सूची भी प्राप्त हो गई है। प्राथमिकी दर्ज करने के पूर्व कुछ विभागीय कार्य करना है। जिसे पूरा करने के बाद साक्ष्य के साथ प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।