स्वास्थ्य सेवाएं ध्वस्त
जागरण संवाददाता, गया :
भारतीय जनता पार्टी ने आरोप लगाया है कि सूबे में स्वास्थ्य सेवा ठप व ध्वस्त हो चुकी है। स्वयं मुख्यमंत्री के गया शहर स्थित आवास से महज कुछ ही दूरी पर स्थित बंगाली कालोनी में रहस्यमय बीमारी से आए दिन मौत हो रही है। लेकिन राज्य सरकार से लेकर जिला प्रशासन पीड़ित नागरिकों को राहत पहुंचाने में विफल साबित हुआ है। भाजपा महानगर के आह्वान पर समाहरणालय के समक्ष मंगलवार को उपरोक्त विषय को लेकर अध्यक्ष कंचन कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में एक दिवसीय धरना का आयोजन किया गया। धरना स्थल से कई वक्ताओं ने नागरिकों को संबोधित किया। संचालन राजीव कुमार कन्हैया ने की।
पूर्व मंत्री सह नगर विधायक डा. प्रेम कुमार ने आरोप लगाया कि सूबे में स्वास्थ्य सेवा ठप व ध्वस्त हो चुकी है। जिसका परिणाम है कि शहर के बंगाली कालोनी में अज्ञात बीमारी के कारण अब तक आधा दर्जन लोगों की मौत हो चुकी है। उन्होंने कहा कि जनविरोधी सरकार के खिलाफ भाजपा सड़क से लेकर सदन तक आवाज उठाएगी। अजय कुशवाहा, सुनील कुमार सिन्हा, अशोक सिंह, संतोष ठाकुर, दीपक पांडे, रामपुकार सिंह, अशोक गुप्ता, गोपी नाथ, अमर चंद्रवंशी, नरेन्द्र सिंह, राकेश कुमार, जय प्रकाश यादव, विनय सिंह, मुकेश कुमार, राजनंदन गांधी सहित कई नेताओं ने धरना स्थल से नागरिकों को संबोधित किया।