सितम्बर में बुद्धभूमि पर जुटेंगे बौद्ध दर्शन के ज्ञाता
विनय कुमार मिश्रा, बोधगया (गया)
आगामी 26, 27 व 28 सितम्बर को केन्द्रीय पर्यटन मंत्रालय व बिहार पर्यटन के संयुक्त तत्वावधान में बुद्धभूमि बोधगया में तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय बौद्ध समागम प्रस्तावित है। इस समागम में विभिन्न देशों के लगभग दो सौ से अधिक बौद्ध धर्म और दर्शन के ज्ञाता बोधगया में जुटेंगे। वैसे पिछले दो वर्ष से सितम्बर माह बोधगया के लिए खास रहा है। वर्ष 2012 के सितम्बर माह में नई दिल्ली में आयोजित बौद्ध समागम में शामिल होने आए 30 देशों के प्रतिनिधि पटना होते हुए बोधगया आए थे। इसी प्रकार वर्ष 2013 में सारनाथ में आयोजित अंतरराष्ट्रीय बौद्ध समागम में शामिल होने आए 40 देशों के प्रतिनिधि बिहार सरकार व पर्यटन विभाग के पहल पर बोधगया आए थे। इस बार अंतरराष्ट्रीय बौद्ध समागम बोधगया में आयोजित है। इसकी तैयारी पर्यटन विभाग व जिला प्रशासन स्तर से शुरू कर दी गई है। आगत विदेशी प्रतिनिधियों के आवासन के लिए पर्यटन विभाग द्वारा बोधगया के कई होटलों में कमरे आरक्षित कराए गए हैं। कार्यक्रम स्थल सुजाता बाइपास स्थित तेरगा मोनास्ट्री के पवेलियन होगा। पहले दिन आगत अतिथि सामूहिक भोज व सांस्कृतिक कार्यक्रम का आनंद लेंगे। वहीं, दूसरे दिन मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके बाद बोधगया सहित राजगीर, नालंदा आदि बौद्ध स्थलों का परिभ्रमण कर सभी प्रतिनिधि विशेष विमान से वाराणसी के लिए प्रस्थान कर जाएंगे। सहायक पर्यटन अधिकारी मुख्यालय रंजन कुमार बताते हैं कि इस समागम की सफलता को लेकर विश्वस्तरीय बौद्ध संगठन इंटरनेशनल बुद्धिष्ट कंफेडरेशन, इंटरनेशनल बुद्धिष्ट काउंसिल सहित अन्य बौद्ध संगठनों का सहयोग लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि समागम की योजना केन्द्रीय पर्यटन मंत्रालय द्वारा तय किया गया है। इसमें बिहार पर्यटन द्वारा आवश्यकतानुसार सहयोग प्रदान किया जा रहा है।